home page

गुरुग्राम:सड़क हादसे में घायल पंजाब निवासी ट्रक चालक की मौत

 | 
गुरुग्राम:सड़क हादसे में घायल पंजाब निवासी ट्रक चालक की मौत


-गुरुग्राम से रोहतक पीजीआई किया गया रेफर, वहीं हुई मौत

गुरुग्राम, 05 जून (हि.स.)। हीरो कंपनी के पास सडक़ हादसे में घायल हुए ट्रक चालक मनोहर सिंह की रोहतक पीजीआई में मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव मलवल कदीम निवासी सोमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति मनोहर सिंह (57 वर्ष) दिसंबर 2025 से लुधियाना निवासी महेंद्र सिंह के ट्रक पर चालक की नौकरी करते थे। 24 मई 2026 को मनोहर सिंह सामान भरने के लिए हीरो कंपनी गुरुग्राम आए थे। इसके बाद से परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। महिला सोमा ने बताया कि तीन जून 2026 को वह अपने पति की तलाश में सदर थाना गुरुग्राम पहुंची। थाने में पता चला कि 24 मई की रात करीब 12:30 बजे हीरो कंपनी के पास एकव्यक्ति सडक़ हादसे में घायल हुआ था। घायल को पहले सिविल अस्पताल सेक्टर-10 गुरुग्राम और फिर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान एक जून को उसकी मौत हो गई। परिवार ने पीजीआई रोहतक जाकर शव की पहचान की तो वह मनोहर सिंह ही थे। बताया जा रहा है कि मनोहर सिंह करीब 12:30 बजे अपने ट्रक पर चढ़ रहे थे। तभी साइड से आ रहे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतक मनोहर सिंह की पत्नी सोमा, दामाद सोनू सिंह और सुनील ने शव की पहचान की है। सोमा की शिकायत पर चौकी नाहरपुर रुपा पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर