home page

गुरुग्राम: दिव्यांग अकाउंटेंट से दोस्ती के बहाने रेप, खाते से निकाले 1.5 लाख

 | 

पटौदी थाना पुलिस ने किया मामला दर्ज, जांच जारी

गुरुग्राम, 18 अगस्त (हि.स.)। दोस्ती और मदद का झांसा देकर एक दृष्टिबाधित अकाउंटेंट युवती से दुष्कर्म और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पहले लिफ्ट देकर जान-पहचान बढ़ाई, फिर होटल में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया और युवती के बैंक खाते से करीब 1.5 लाख रुपये भी निकाल लिए।

पटौदी थाना पुलिस को दी शिकायत में सरकारी विभाग में अकाउंटेंट पद पर कार्यरत दृष्टिबाधित युवती ने बताया कि कुछ समय पहले दिल्ली से लौटते समय एक युवक ने उसे अपनी कार में लिफ्ट दी थी। इसके बाद आरोपी ने बातचीत बढ़ाकर खुद को मददगार बताया और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई। आरोपी उसे कई बार रेस्टोरेंट में खाना खिलाने ले गया और प्रेम संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने ठुकरा दिया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने बहाने से युवती को एक होटल में बुलाया और उसकी दिव्यांगता का फायदा उठाते हुए इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी ने युवती का एटीएम कार्ड और पिन भी ले लिया और उसकी जानकारी के बिना खाते से रुपए निकाल लिए।

पीड़िता के अनुसार जब उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने पैसे लौटाने का भरोसा देकर उसे दोबारा होटल बुलाया। वहां भी उसने रुपये न लौटाकर फिर से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के नाम से सुसाइड करने की धमकी देकर उसे डराने का प्रयास किया।

आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पटौदी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर