home page

गुरुग्राम: ग्रोसरी स्टोर में चोरी करते पकड़े गए युवक ने किया इंचार्ज पर हमला

 | 
गुरुग्राम: ग्रोसरी स्टोर में चोरी करते पकड़े गए युवक ने किया इंचार्ज पर हमला


-आरोपी को तीन दिन पहले चोरी करते हुए पकड़ा गया था

-अपने साथियों के साथ स्टोर में आकर शिफ्ट इंचार्ज से की मारपीट

गुरुग्राम, 02 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-30 स्थित जेप्टो ग्रोसरी स्टोर में शनिवार की देर रात कुछ युवकों ने स्टोर में घुसकर शिफ्ट इंचार्ज पर हमला कर दिया। इस दौरान वहां पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात तीन दिन पुरानी रंजिश का नतीजा बताई जा रही है।

स्टोर पर कार्यरत रमन ने रविवार को बताया कि 29 जुलाई को स्टोर के कर्मचारियों ने एक युवक को चोरी करते हुए पकड़ा था। शनिवार की देर रात वह अपने कई साथियों के साथ योजना बनाकर स्टोर पर पहुंचा। वहां मौजूद शिफ्ट इंचार्ज पर हमला कर दिया। पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाल रही है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज की मदद से हमलावरों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर