home page

गुरुग्राम: किसानों की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: सर्वप्रिय त्यागी

 | 
गुरुग्राम: किसानों की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: सर्वप्रिय त्यागी


-भाजपा जिलाध्यक्ष ने फर्रुखनगर अनाज मंडी का किया दौरा

गुरुग्राम, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने सोमवार को फर्रुखनगर मार्केट कमेटी के चेयरमैन दौलतराम के साथ अनाज मंडी का दौरा कर फसलों की स्थिति एवं खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर फसल बिक्री के उनके अनुभव जाने तथा उपलब्ध सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। संवाद के दौरान किसानों ने बताया कि उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ समय पर मिल रहा है और मंडी की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं।

त्यागी ने किसानों की बात सुनी और कहा कि उनकी संतुष्टि उत्साह बढ़ाने वाली है। किसानों के सुझाव व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण आधार हैं।

सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि किसान की मेहनत का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उसे मिलने वाली सुविधाओं और समय पर उसकी समस्याओं के समाधान से होता है। हमारा प्रयास है कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी आए तो उसे सुविधाजनक और सुव्यवस्थित खरीद व्यवस्था मिले। मंडियों में किसानों से सीधा संवाद वास्तविक स्थिति को समझने का प्रभावी माध्यम है। किसानों के सुझावों एवं जरूरतों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएँगे। त्यागी ने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो गाँव सशक्त होगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। किसानों का विश्वास हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना हमारी प्रतिबद्धता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर