गुरुग्राम: सेक्टर-49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोडऩे वाली 24-मीटर सडक़ शुरू
-गोदरेज एरिस्टोक्रेट सोसायटी में मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया उद्घाटन
-मंत्री बोले, 24 मीटर रोड को लेकर जल्द नई नीति लाएगी हरियाणा सरकार
-क्षेत्र के करीब 30 हजार लोगों को मिली सुगम आवागमन की सुविधा
गुरुग्राम, 19 सितंबर (हि.स.)। गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने एरिस्टोक्रेट सोसायटी में सेक्टर-49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोडऩे वाली 24 मीटर चौड़ी सरकारी सडक़ का हरियाणा सरकार के सहयोग से निर्माण पूरा किया। शनिवार को यह सडक़ अब आम जनता के लिए खोल दी गई। विधिवत रूप से सडक़ का उद्घाटन हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया। गोदरेज प्रॉपर्टीज द्वारा निर्मित इस सडक़ मार्ग के बनने से यहां के 30 हजार के करीब निवासियों तथा स्कूली बच्चों को सुविधा होगी।
इस दौरान अपने संबोधन में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि शहरी क्षेत्र में 24 मीटर रोड का निर्माण एक बड़ा विषय है। जिसको लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अधिकारियों के साथ विभिन्न दौर की बैठक कर चुके हैं। हरियाणा सरकार जल्द ही 24 मीटर रोड को लेकर एक नीति लेकर आएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके और इस विषय से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
इस अवसर पर गोदरेज प्रॉपर्टीज की नॉर्थ जोन सीईओ गीतिका त्रेहन ने कहा कि गोदरेज प्रॉपर्टीज में हम गुणवत्तापूर्ण प्रोजेक्ट बनाने के साथ-साथ आसपास के शहरी इकोसिस्टम में सार्थक योगदान देने में विश्वास रखते हैं। यह 24 मीटर चौड़ी सरकारी सडक़ अधिकारियों की पूर्व मंजूरी से बनाई गई है और अब सार्वजनिक उपयोग के लिए खुली है। यह गुरुग्राम के इस हिस्से में निवासियों की पहुंच बढ़ाने और समग्र बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जैसे-जैसे सेक्टर 49 और आसपास के क्षेत्र गुरुग्राम में एक बड़े रिहायशी हब के रूप में विकसित हो रहे हैं, यह नई सार्वजनिक सडक़ पूरे माइक्रो मार्केट में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और एक अधिक एकीकृृत शहरी वातावरण को बढ़ावा देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

