home page

गुरुग्राम: ट्यूशन पर युवक ने किया परेशान तो 12वीं की छात्रा ने दी जान

 | 
गुरुग्राम: ट्यूशन पर युवक ने किया परेशान तो 12वीं की छात्रा ने दी जान


-सुसाइड नोट में 17 बार लिखा ‘सॉरी’

गुरुग्राम, 08 मई (हि.स.)। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 साल एक छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। काफी देर बाद जब परिवार के लोग वापस लौटे तो छात्रा का शव कमरे में लटका मिला। परिवार के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के बैग से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में छात्रा ने ट्यूशन के दौरान एक युवक द्वारा परेशान किए जाने की बात लिखी है। छात्रा ने सुसाइड नाेट में लिखा-मैं मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुकी हूं। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे। मैं सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं। कोई मुझे समझ नहीं रहा। मैं कभी नहीं चाहती थी कि आप लोगों को रुलाऊं या बुरा महसूस कराऊं। सुसाइड नोट के अंत में छात्रा ने 17 बार ‘सॉरी’ लिखा है।

पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच की। मोबाइल की चैट्स में भी कुछ ऐसे संदेश मिले हैं, जिनमें युवक द्वारा पीछा छुड़ाने और बातचीत खत्म करने जैसी बातें सामने आई हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया चैटिंग भी सामने आई है, जिसमें युवक लड़की से दोस्ती करने और लगातार संपर्क बनाए रखने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। अधिकांश चैट दो युवकों के बीच की बताई जा रही है। छात्रा के पिता संतोष का आरोप है कि उनकी बेटी ने युवक की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की है। उनकी बेटी पढ़ाई में बेहद होनहार थी। दसवीं कक्षा में उसने 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए थे। पिता ने पुलिस पर भी सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सुसाइड नोट में जिन युवकों का जिक्र किया गया है, उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस सुसाइड नाेट के आधार पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर