गुरुग्राम: मानेसर में युवती की हत्या कर शव काे बेड में छिपाया
पड़ोसी युवक पर हत्या का शक, वारदात के बाद से फरार
गुरुग्राम, 12 मई (हि.स.)। मानेसर क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई और उसके शव को बेड के अंदर छिपा दिया गया। पुलिस ने सोमवार देर रात शंकर की ढाणी गांव स्थित एक किराये के मकान से शव बरामद किया। युवती की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी सोनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सोनी गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करती थी। वह शंकर की ढाणी गांव में किराये के मकान में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच के दौरान युवती का शव पड़ोस के कमरे में रहने वाले एक युवक के बेड के अंदर छिपा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को बेड के अंदर छिपाकर फरार हो गया। घटना के बाद से आरोपी युवक गायब है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। मानेसर थाना पुलिस के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों और मृतका के साथ रहने वाली युवतियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

