home page

गुरुग्राम: दूधमुंही बच्ची को मंदिर परिसर में पटक कर भागा व्यक्ति

 | 
गुरुग्राम: दूधमुंही बच्ची को मंदिर परिसर में पटक कर भागा व्यक्ति


-घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई रिकॉर्ड

गुरुग्राम, 25 सितंबर (हि.स.)। स्थानीय विश्वकर्मा कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध चुक्कनी माता मंदिर में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति छह महीने की मासूम बच्ची को गोद में लेकर मंदिर पहुंचा और उसे बेरहमी से जमीन पर पटककर फरार हो गया। पूरी वारदात मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शुक्रवार दिन भर मंदिर व आसपास क्षेत्र में इस घटना की चर्चा रही।

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात मंदिर परिसर में अचानक एक छोटी बच्ची के जोर-जोर से रोने और तड़पने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर मंदिर के अंदर मौजूद महिलाएं और पुजारी बाहर आए तो उनके होश उड़ गए। फर्श पर एक नन्हीं मासूम खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी। उसके सिर से लगातार खून बह रहा था। मंदिर संचालक ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने बच्ची को संभाला और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति बच्ची को गोद में लेकर मंदिर परिसर में आता है। वह कुछ सेकंड इधर-उधर देखता है और फिर अचानक बच्ची को जमीन पर जोर से पटक देता है।

इसके बाद वह बिना पीछे मुड़े तेज कदमों से मंदिर से बाहर निकल जाता है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार जमीन पर जोर से गिरने के कारण बच्ची के सिर में गहरी चोट आई है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बच्ची आरोपी की ही है या कहीं से चुराकर लाई गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर