गुरुग्राम में कार पर गिरा रेलवे अंडरपास का हाइट गेट, बड़ा हादसा टला
गुरुग्राम, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के गढ़ी-हरसरू गांव में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अंडरपास में एक चलती मारुति कार पर लोहे का भारी हाइट गेट अचानक गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार चला रहे बालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक श्यामवीर सिंह बाल-बाल बच गए। यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था। क्योंकि कुछ मिनट पहले ही श्यामवीर की पत्नी कार से उतरी थीं। हाइट गेट सीधा पैसेंजर साइड की सीट पर गिरा। अगर पत्नी साथ होती तो जान भी जा सकती थी।
श्यामवीर सिंह ने बताया कि रोज की तरह वह सुबह अपनी पत्नी को छोडऩे के बाद कार से स्कूल लौट रहे थे। जैसे ही कार गढ़ी-हरसरू रेलवे अंडरपास के नीचे पहुंची, ऊपर लगा विशाल लोहे का हाइट गेट तेज आवाज के साथ बोनट और आगे के हिस्से पर गिर गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उन्हें कार से सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ठेकेदार को मौके पर तलब किया। जीआरपी ने पीडि़त को आश्वासन दिया है कि कार की मरम्मत का पूरा खर्च ठेकेदार उठाएगा। मौके पर जांच में रेलवे ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई। भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाया गया यह हाइट गेट बिना वेल्डिंग और बिना नट-बोल्ट कसे सिर्फ ढांचे के रूप में खड़ा किया गया था। तेज हवा या कंपन से यह कभी भी गिर सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इस अंडरपास से रोजाना सेंकड़ों स्कूली बच्चे और राहगीर गुजरते हैं। लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और गुरुग्राम के सभी अंडरपासों पर लगे हाइट गेट की सुरक्षा जांच दोबारा की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

