home page

गुरुग्राम के छात्र पार्थ ने चीन में विश्वस्तरीय हार्डवेयर हैकाथॉन में किया भारत का प्रतिनिधित्व

 | 
गुरुग्राम के छात्र पार्थ ने चीन में विश्वस्तरीय हार्डवेयर हैकाथॉन में किया भारत का प्रतिनिधित्व


-पार्थ धीमान ने नवाचार के क्षेत्र में किया कमाल

गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)। 17 साल के छात्र पार्थ धीमान ने चीन के शेनझेन में आयोजित विश्वस्तरीय हार्डवेयर हैकाथॉन में हैक क्लब फालआउट में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन किया। एक सप्ताह तक चले इस कार्यक्रम में पार्थ ने दुनिया भर से आए युवा इनोवेटर्स के साथ मिलकर अत्याधुनिक हार्डवेयर प्रोजेक्ट्स पर काम किया। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया।

गुरुग्राम के लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया मेमोरियल स्कूल के छात्र पार्थ ने करीब तीन महीने पहले हैक क्लब फालआउट में पहुंचने का लक्ष्य तय किया था। अब वह इस सपने को साकार कर भारत लौटे हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दुनिया के प्रतिष्ठित चायहुओ मेकरस्पेस में हार्डवेयर निर्माण किया, वैश्विक स्तर के छात्र हैकर्स के साथ काम किया। प्रसिद्ध हुआकियांगबेई इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट का भ्रमण किया। प्रिंटेड सर्किट बोड्र्स डिजाइन किए और देर रात तक हार्डवेयर की समस्याओं को हल करते हुए अपने तकनीकी कौशल को और निखारा।

इस दौरान पार्थ की मुलाकात हैक क्लब के संस्थापक जैक लट्टा से भी हुई। पार्थ ने कहा कि ऑनलाइन हैक क्लब को देखने से लेकर उसकी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर काम करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। पार्थ धीमान के अनुसार यह केवल एक हैकाथॉन नहीं था, बल्कि उनके वर्षों के परिश्रम और सीखने की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव था।

उन्होंने कहा कि घर में बनाए गए हर प्रोजेक्ट, हर असफल प्रोटोटाइप, हर सोल्डरिंग और हर पीसीबी संशोधन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

पार्थ ने हैक क्लब के आयोजकों, स्वयंसेवकों, मेंटर्स और साथी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, शेनझेन मेरी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि पहला अध्याय है। अब मेरा लक्ष्य और बड़े सपने देखना तथा इंजीनियरिंग के क्षेत्र में और बड़े नवाचार करना है। पार्थ धीमान की यह उपलब्धि न केवल गुरुग्राम बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता वैश्विक तकनीक और इंजीनियरिंग मंच पर भारतीय युवाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है और देश के लाखों विद्यार्थियों को नवाचार तथा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर