गुरुग्राम: फर्जीवाड़ा कर दुकान बेचने पर दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
गुरुग्राम, 21 नवंबर (हि.स.)। दुकान बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 32.45 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। खरीदार को दुकान से नियमित किराया दिलाने का भरोसा देकर कुछ समय तक भुगतान किया गया और बाद में किराया देना भी बंद कर दिया गया। मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू-1) ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने छह अगस्त 2026 को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसे 32 माईलस्टोन की दुकान नंबर जी-165ए बेचने के नाम पर 32 लाख 45 हजार रुपये लिए गए। कन्वेंस डीड में दुकान का क्षेत्रफल 40 वर्गफुट दर्ज किया गया था, जबकि वास्तविक क्षेत्रफल केवल 9.88 वर्गफुट पाया गया। इसके अलावा आरोपियों ने दुकान को लीज पर देकर नियमित किराया दिलाने का आश्वासन भी दिया था। कुछ समय तक किराया देने के बाद भुगतान बंद कर दिया गया।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा-1 को सौंप दी। टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 अक्टूबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सरीन शर्मा, ध्रुवदत्त शर्मा, अनुभव शर्मा और ममता शर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी सेक्टर-15 पार्ट-2 के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अनुभव शर्मा उक्त परिसर का डायरेक्टर है। आरोप है कि उसने अपने बेटे, बेटी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दुकान का वास्तविक क्षेत्रफल कम होने के बावजूद अधिक क्षेत्रफल दर्शाकर बिक्री की। उसकी पत्नी ममता शर्मा भी इस कथित धोखाधड़ी में शामिल बताई गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि दुकान को ग्रोथ हॉस्पिटैलिटी एलएलपी के माध्यम से लीज पर देकर किराया दिलाने का आश्वासन दिया गया था। पुलिस के अनुसार, यह कंपनी भी अनुभव शर्मा की है। आरोपियों ने कुछ समय तक शिकायतकर्ता को किराया दिया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों पर कुछ अन्य निवेशकों को बैंक के पास गिरवी रखी संपत्ति बेचकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। अब जांच एजेंसी अन्य निवेशकों से कथित धोखाधड़ी, संपत्ति के दस्तावेजों और 32.45 लाख रुपये की राशि के इस्तेमाल की पड़ताल कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

