गुरुग्राम: अवैध रजिस्ट्री व करोड़ों की धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार
-पीजीएफ लिमिटेड संपत्ति घोटाला का आरोप गिरफ्तार
गुरुग्राम, 14 मई (हि.स.)। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गुरुवार को पीजीएफ लिमिटेड की संपत्ति की अवैध रजिस्ट्री एवं करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशिफ निवासी कैलाश विहार, दिल्ली के रूप में हुई। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा गठित समिति के नियंत्रणाधीन संपत्ति की अवैध तरीके से रजिस्ट्री करवाई और बड़ी रकम हड़प ली।
पुलिस को यह शिकायत नायब तहसीलदार की ओर से दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि पीजीएफ लिमिटेड की संपत्ति संख्या 131-जी ब्लॉक-सी, सुशांत लोक-3 सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा गठित समिति के नियंत्रण में थी। इसके बावजूद आरोपियों ने जाली दस्तावेज तैयार कर संपत्ति की रजिस्ट्री करवा दी। इस फर्जीवाड़े के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। मामले में थाना सेक्टर-56 में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। बाद में इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में नेपाल निवासी राजेंद्र सिंह को कर्नाटक से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार करवाए। इन दस्तावेजों के आधार पर कंपनी के नाम से बैंक खाते खुलवाए गए और खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताया गया।
इसके बाद आरोपियों ने फर्जी कागजातों के सहारे प्लॉट की बिक्री करवाई और रकम बैंक खातों में जमा करवाई। बाद में यह रकम चेक के माध्यम से निकाल ली गई। आरोपी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था और इस धोखाधड़ी के बदले उसे पांच लाख रुपये मिले थे। पुलिस ने दूसरे आरोपी आशिफ निवासी कैलाश विहार, दिल्ली को गुरुग्राम के सिविल लाइंस क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आशिफ दिल्ली में इलेक्ट्रीशियन का काम करता है और उसने अपने साथी प्रशांत के साथ मिलकर फर्जी रजिस्ट्री कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे इस पूरे खेल के बदले पांच लाख रुपये मिलने थे, लेकिन फिलहाल केवल पचास हजार रुपये ही मिले। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

