गुरुग्राम: सेवानिवृत प्रोफेसर से पुलिसकर्मी बनकर ठगे गहने, कीमत पांच लाख
-महिला को कागज में लिपटे नकली कंगन थमा दिए
गुरुग्राम, 06 सितंबर (हि.स.)। यहां सेक्टर-7 एक्सटेंशन में बाइक सवार दो युवकों ने मंदिर से लौट रही 65 वर्षीय रिटायर्ड प्रोफेसर को पुलिस वाला बनकर रोका और पांच लाख रुपये के सोने के कंगन ठग लिए।
शिकायतकर्ता जगदीश चंद के अनुसार उनकी पत्नी सरला कुमारी आर्य समाज मंदिर में पूजा कर लौट रही थीं। मकान नंबर-904 के पास बाइक पर आए दो युवकों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए पहचान पत्र दिखाया। उन्होंने कहा कि आगे बदमाश घूम रहे हैं, चेकिंग चल रही है। आपके साथ चोरी हो सकती है, अपने कंगन उतार कर बैग में रख लो। महिला घबरा गई। ठगों ने उन्हें एक कागज दिया और कंगन उसमें लपेटने को कहा। मदद के बहाने एक ठग ने कंगन अपने हाथ में ले लिए और कागज में लपेटने का नाटक कर नकली कंगन थमा दिए। महिला ने बिना चेक किए कागज पर्स में रख लिया। घर आकर पर्स खोला तो अंदर नकली कंगन निकले।
महिला के पति जगदीश चंद ने बताया कि उन्होंने कंगन 2.38 लाख रुपये में खरीदे थे, जिनकी मौजूदा कीमत करीब पांच लाख रुपये है, जबकि पुलिस ने एफआईआर में कीमत 80 हजार रुपये दर्शाई है। जगदीश खुद दिल्ली में सरकारी कर्मचारी रह चुके हैं। जांच अधिकारी रज्जक खान ने बताया कि शिकायत मिलते ही उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। आंकी गई कीमत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है, असली कीमत रिकवरी के बाद तय होगी। एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

