home page

गुरुग्राम: लूट की घटना में युवक व उसका नाबालिग साथी गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम: लूट की घटना में युवक व उसका नाबालिग साथी गिरफ्तार


पुलिस ने आरोपियों से लूटा हुआ फोन किया बरामद

गुरुग्राम, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में पटौदी रोड पर मंगलवार को अलसुबह चाकू के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को सेक्टर-10 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक 19 साल का युवक और एक नाबालिग शामिल है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार एक अक्टूबर को एक व्यक्ति ने सेक्टर-10 थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह अपने गांव से सरस्वती एन्क्लेव आया था। सुबह करीब पांच बजे जब वह पटौदी रोड पर उतरकर एफ-ब्लॉक, शिव मंदिर के पास, सरस्वती एन्क्लेव सेक्टर-37 पहुंचा तो पीछे से कुछ अज्ञात लडक़े आए। आरोपियों ने उसे घेर लिया, चाकू दिखाकर डराया और मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, 850 रुपये नकद और बैग लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सेक्टर-10 थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। केस दर्ज होने के बाद सेक्टर-10 थाना पुलिस की टीम ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। तीन अक्टूबर को पुलिस टीम ने रामपुरा चौक, नेशनल हाईवे-48 के पास से 2 आरोपियों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव दरौली, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सरस्वती एन्क्लेव, गुरुग्राम के रूप में हुई है। उसका दूसरा साथी नाबालिग है। दोनों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए ही उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर