home page

गुरुग्राम की लग्जरी सोसायटी में इम्पीरिया एस्फोरा के फ्लैट की गिरी बालकनी

 | 
गुरुग्राम की लग्जरी सोसायटी में इम्पीरिया एस्फोरा के फ्लैट की गिरी बालकनी


-बालकनी गिरने से फ्लैट मालिकों में भय का माहौल

गुरुग्राम, 09 जुलाई (हि.स.)। इम्पीरिया एस्फोरा फेस-2 सोसायटी में करोड़ों रुपये खर्च कर आशियाना खरीदने वाले लोगों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब सोसायटी के टावर-ई में पहली मंजिल के एक फ्लैट की बालकनी टूटकर गिर गई। हादसे के बाद पूरे टावर की सुरक्षा को लेकर निवासियों में भारी दहशत और गुस्सा है।

इस घटना को लेकर निवासियों ने बताया कि गिरने के समय एक जोरदार धमाके की आवाज आई। बालकनी का बाहरी हिस्सा टूटकर नीचे जमीन पर बिखर गया। तस्वीरों और वीडियो में मलबा चारों तरफ फैला दिख रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय नीचे कोई मौजूद नहीं था। एक निवासी ने बताया कि उस समय कुछ लोग आस-पास से गुजर रहे थे। अगर दो मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है।

पिलर क्षतिग्रस्त, पूरे टावर को खतरा

इस हादसे में सिर्फ बालकनी ही नहीं गिरी, बल्कि बालकनी का स्लैब गिरने से टावर का एक मुख्य पिलर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष हेमंत कुमार ने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है। फ्लैट खाली था इसलिए जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गिरते मलबे से कोई भी घायल हो सकता था। पिलर डैमेज होने से पूरे टावर की स्ट्रक्चरल सेफ्टी खतरे में पड़ गई है। हम पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे और डीटीपी विभाग से जांच की मांग करेंगे।

इस घटना के बाद निवासियों का गुस्सा बिल्डर के खिलाफ फूट पड़ा है। लोगों का आरोप है कि यह लापरवाही का नतीजा है। निवासियों ने बताया कि पिछले महीने ही उन्होंने सोसायटी में बुनियादी सुविधाओं की जर्जर हालत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। अब बालकनी गिरने से निर्माण गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। निवासियों की मांग है कि प्रशासन किसी स्वतंत्र थर्ड-पार्टी एजेंसी से पूरे प्रोजेक्ट का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराए। उनका कहना है कि जब तक पूरे प्रोजेक्ट की मजबूती की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक किसी भी टावर को सुरक्षित नहीं माना जा सकता।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर