गुरुग्राम में रविवार को रहा आग का तांडव, कई स्थानों पर हुई आगजनी
-नेशनल हाइवे-48 किनारे हीरो होंडा चौक के पास स्पेयर पाट्र्स कंपनी में आग का तांडव
-दमकल विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर, रोडवेज के ड्राइवर, कंडक्टर बुझा रहे आग
गुरुग्राम, 19 अप्रैल (हि.स.)। गुरुग्राम में रविवार को सुबह से लेकर दोपहर तक आग का तांडव रहा। यहां नेशनल हाइवे-48 पर हीरो होंडा चौक के पास एक कंपनी में लगी भीषण आग से लाखों का नुकसान हुआ। वहीं द्वारका एक्सप्रेसवे किनारे दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास भी आग लग गई। इसके अलावा खांडसा रोड पर कूलर-पंखों की एक दुकान में आग लगी और सारा सामान जलकर राख हो गया। वहां पर दो घंटे बाद गाड़ी लेकर आग बुझाने पहुंचे। इससे दुकानदारों में रोष रहा। पुलिस व एसडीआरएफ की टीमें भी आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
जानकारी के अनुसार हीरो होंडा चौक के पास सेक्टर-34 स्थित बहरामपुर रोड पर टाटा स्पेयर पाट्र्स कंपनी में रविवार की दोपहर को आग लगी। देखते ही देखते आग कंपनी में फैल गई और धुएं से आसमान कई किलोमीटर दूर से ही काला नजर आया। आग की लपटों से ज्यादा धुआं निकल रहा था। इससे साफ पता चला रहा था कि कंपनी के भीतर आग कितनी भीषण है। धुएं के गुब्बार निकल रहे थे। आग के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। पहले तो लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैलती ही चली गई। दमकल विभाग को आग की सूचना दी गई। वहां से गाडिय़ों को लेकर आग बुझाने के लिए टीम पहुंची। दमकल विभाग के कर्मचारियों की तो हड़ताल चल रही है। वे काम नहीं कर रहे। ऐसे में सूचना है कि विभाग की ओर से रोडवेज से ड्राइवर, कंडक्टर से दमकल की गाडिय़ों को ले जाकर आग बुझाने का काम करवाया जा रहा है। दमकल विभाग की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंची और बुझाने का काम शुरू किया।
खांडसा रोड पर कूलर-फ्रिज की दुकान स्वाहा
रविवार दोपहर को ही यहां खांडसा रोड पर एक कूलर-फ्रिज की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल विभाग को भी आग की सूचना दे दी गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां लोगों के प्रयास आग बुझाने में कामयाब नहीं हो पाए। खांडसा रोड व्यापार मंडल के प्रधान रोहित राघव के मुताबिक आग लगने की सूचना देने के दो घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक दुकान का सामान जल चुका था। उन्होंने कहा कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के समय में सामान काफी महंगा हो गया है। सरकार इस आग की घटना में हुए नुकसान की भरपाई करे, ताकि गरीब दुकानदार अपनी रोजी-रोटी चला सके। इसके अलावा द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास भी आग की एक घटना हुई। वहां भी आग काफी भडक़ी हुई थी। खुला मैदान होने के कारण किसी बिल्डिंग तक तो आग नहीं पहुंची, लेकिन आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थी। दमकल विभाग ने जल्द ही उस पर काबू पा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

