home page

गुरुग्राम: मकान में लगी भीषण आग, चार लोगों को सुरक्षित निकाला

 | 
गुरुग्राम: मकान में लगी भीषण आग, चार लोगों को सुरक्षित निकाला


गुरुग्राम, 20 मार्च (हि.स.)। यहां सेक्टर-28 स्थित एक मकान में शुक्रवार को आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई। इस दौरान घर में मौजूद चार लोग अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद न केवल आग पर काबू पाया, बल्कि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे दमकल विभाग को सूचना मिली कि सेक्टर-28 के एक घर में आग लग गई है। इस घर में चार लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाडिय़ों को मौके पर भेजा गया। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर भेजा गया। टीम ने करीब एक घंटे में आग बुझाते हुए बिल्डिंग के अंदर फंसे चारों लोगों को रेस्क्यू कर लिया। इस सूचना पर मौके पर स्थानीय थाना पुलिस सहित पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और यहां लगी लोगों की भीड़ को मौके से हटाया।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि दो बजकर 40 मिनट तक आग पूरी तरह से बुझ गई और गाडिय़ां वापस आ गई। यह आग घर के ग्राउंड फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिक पैनल में लगी थी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई है। आग केवल ग्राउंड फ्लोर पर थी, लेकिन इसकी लपटें दूसरी मंजिल तक जा रही थी जिसके कारण बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ था। समय रहते दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। इस घटना में ग्राउंड फ्लोर पर रखे फ्रिज, एसी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। बिल्डिंग में फंसे चारों लोगों को छत पर भेज दिया गया था जिन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर