गुरुग्राम के डीएलएफ-3 के यू ब्लॉक में लगी आग
-धमाकों की आवाज सुनकर नींद से जागे लोग
-फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में बुझाई
गुरुग्राम, 21 जून (हि.स.)। यहां के पॉश इलाके डीएलएफ फेज-3 के यू-ब्लॉक में रविवार को बिजली के मीटरों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। सुबह के समय हुए इस हादसे के कारण आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि कोई व्यक्ति या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
यह हादसा डीएलएफ फेस-3 के यू ब्लॉक स्थित एक बहुमंजिला मकान के बाहर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, सुबह के समय मकान के बाहर लगे बिजली के मीटरों में अचानक तेज धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ। गर्मी के मौसम में ओवरलोडिंग के कारण मीटरों से उठी चिंगारियों ने चंद पलों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इमारत में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। आग की भयावहता को देखकर आसपास के मकानों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। रिहायशी इलाके में धू-धू कर जलती लपटों और धुएं के गुबार के कारण पूरी लेन में अंधेरा और घुटने जैसी स्थिति पैदा हो गई। धमाकों की आवाज सुनकर लोग नींद से जाग गए और बाहर निकले। निवासियों में इस बात का डर था कि आग कहीं उनके घरों तक न फैल जाए, जिससे सडक़ पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस और डीएलएफ फायर ब्रिगेड टीम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाडिय़ां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं। संकरी गली और चारों तरफ फैले धुएं के बीच दमकल कर्मियों ने बेहद सूझबूझ से मोर्चा संभाला। फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत और करीब दो घंटे की लगातार वाटर बौछारों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली, क्योंकि इस पूरी घटना में कोई भी नागरिक, सुरक्षाकर्मी या राहगीर हताहत नहीं हुआ। हालांकि, इस आग से बिजली का पूरा पैनल नष्ट हो गया। स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

