home page

गुरुग्राम: एसी में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग से लाखों का सामान राख

 | 

गुरुग्राम, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सेक्टर-43 की एक कोठी की तीसरी मंजिल पर शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। एसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया।

सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल की दो गाडिय़ों ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फायर विभाग के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे कोठी की तीसरी मंजिल के कमरे में एसी चल रहा था। अचानक एसी में जोरदार स्पार्किंग हुई और शॉर्ट सर्किट हो गया। चिंगारियों ने पास में लगे पर्दों को पकड़ लिया और आग बेड तक फैल गई। देखते ही देखते कमरा काले धुएं से भर गया और ऊंची-ऊंची लपटें छत से उठने लगीं। उस समय परिवार के अन्य सदस्य नीचे की मंजिल पर थे। धुएं की बदबू और लोगों के शोर से उन्हें आग का पता चला। पड़ोसियों ने तुरंत आवाज लगाकर सभी को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड को संकरी गली और तेज लपटों के कारण काफी दिक्कत हुई। दमकलकर्मियों ने पहले आसपास की कोठियों को सुरक्षित किया ताकि आग न फैले, फिर हाइड्रोलिक प्रेशर से आग बुझाई। परिवार ने बताया कि हादसे में बेड, सोफा, अलमारी, कीमती कपड़े, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया। शुरुआती अनुमान में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर