गुरुग्राम: पिता ने दो साल की बेटी को 23वीं मंजिल से फेंका फिर खुद कूदा, दोनों की मौत
-दिल्ली के नांगलोई का रहने वाला था व्यक्ति गुरुग्राम सेक्टर-102 में रहता था
गुरुग्राम, 16 मार्च (हि.स.)। यहां एक सोसायटी की 23वीं मंजिल से कूदकर एक पिता ने जान दे दी। खुद कूदने से पहले उसने अपनी दो साल की बेटी को भी नीचे फेंका, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। फिर इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया। घटना की सूचना पाकर धनकोट चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज जगमाल सिंह बताया कि राहुल की पत्नी से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यहां सेक्टर-102 स्थित जॉयविले सोसायटी में दिल्ली के नांगलोई निवासी राहुल अपनी पत्नी व बेटी के साथ रहता था। वे सोसायटी के टावर नौ में 2 बीएचके के फ्लैट में रहते थे। सोमवार को वह अपनी बेटी को लेकर अपने टावर से निकलकर टावर नंबर-5 में पहुंचा। वहां लिफ्ट से वह टावर की 23वीं मंजिल पर पहुंचा। इसके बाद उसने बेटी को नीचे फेंक दिया और खुद भी छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों व अन्य लोग उन्हें अस्पताल ले जाने लगे। राहुल की तो पहले ही मौत हो चुकी थी, लेकिन उनकी दो साल की बेटी की सांस चल रही थी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बेटी की भी मौत हो गई। धनकोट चौकी इंचार्ज जगमाल ने बताया कि मृतक की पत्नी से पूछताछ में ही राहुल की आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। परिवार में आपसी कलह की भी चर्चाएं हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

