गुरुग्राम: मोटापा व शुगर के 70 लाख के इंजेक्शन बरामद, अवैध सप्लाई का शक
- ड्रग कंट्रोल विभाग ने छापेमारी करके बरामद किए ये इंजेक्शन
-इतनी भारी मात्रा में इंजेक्शन मिलने पर विभाग कर रहा गहनता से जांच
गुरुग्राम, 19 अप्रैल (हि.स.)। यहां डीलएफ फेज-4 में ड्रग कंट्रोल विभाग की छापेमारी में एक गाड़ी से 70 लाख रुपये के इंजेक्शन बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये इंजेक्शन मोटापा और शुगर की बीमारी में लगाए जाते हैं। इनका उपयोग किस रूप में किया जा रहा था और इतनी भारी मात्रा में इनको रखने की पीछे क्या मंशा रही। विभाग इसकी जांच कर रहा है। माना जा रहा है कि इनकी अवैध सप्लाई भी हो रही हो।
ड्रग विभाग को पहले से सूचना मिली थी कि एक कंपनी का कर्मचारी इन इंजेक्शनों की अवैध सप्लाई में शामिल है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर गाड़ी को पकड़ा। बरामद इंजेक्शनों में मोनजारो नामक दवा भी शामिल बताई जा रही है। यह दवा इटली की एक कंपनी द्वारा बनाई जाती है। बाजार में एक इंजेक्शन की कीमत 13 हजार से 25 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है, जिससे जब्त इंजेक्शनों की कुल कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इंजेक्शनों की यह खेप दिल्ली के भागीरथ मार्केट से लायी गयी थी। इसकी बिलिंग गुरुग्राम के एक पते पर की गई है। इससे ड्रग कंट्रोल विभाग का संदेह हुआ कि कहीं इनकी अवैध सप्लाई तो नहीं हो रही। पुलिस अब सप्लाई चेन की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।
ड्रग इंस्पेक्टर अमनदीप चौहान ने रविवार को बताया कि फिलहाल गाड़ी के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि बरामद इंजेक्शन असली हैं या नकली। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध सप्लाई के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस और ड्रग विभाग की टीम संयुक्त रूप से पूरे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

