home page

नहीं हटेगा गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड टोल, नोटिफिकेशन जारी

 | 
नहीं हटेगा गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड टोल, नोटिफिकेशन जारी


-सरकार ने अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया

गुरुग्राम, 29 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम-फरीदाबाद को जोडऩे वाली सडक़ों पर लगने वाले चार टोल टैक्स अभी नहीं हटेंगे। सरकार ने इन टोल को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का फैसला करते हुए नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पहले इन चारों टोल को बंद करने की अंतिम तिथि दो जुलाई 2026 तय की गई थी। अब नए नोटिफिकेशन के अनुसार टोल पर फीस वसूली लगातार जारी रहेगी।

नोटिफिकेशन के मुताबिक, इन टोल पर निजी कार, स्टेशन वैगन और तिपहिया वाहन चालकों से 40 रुपये का एकतरफा शुल्क लिया जाएगा। वहीं कमर्शियल, लॉजिस्टिक वाहनों और भारी मशीनरी से प्रति ट्रिप 350 रुपये तक का शुल्क वसूला जाएगा। बार-बार सफर करने वाले यात्रियों के लिए सरकार ने दैनिक और मासिक पास की सुविधा भी दी है। एक ही दिन में कई बार टोल क्रॉस करने वाले चालक एक दिन के शुल्क का 1.5 गुना देकर पूरे दिन आवाजाही कर सकेंगे, जो आधी रात से मान्य होगा। कमर्शियल वाहनों के लिए मासिक पास एकल यात्रा शुल्क का 30 गुना होगा, जबकि गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों के लिए मासिक पास की दर एकल यात्रा शुल्क का 20 गुना तय की गई है।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार गुरुग्राम-फरीदाबाद राजमार्ग क्रेशर जोन रोड और बल्लभगढ़-सोहना खंड पर लगने वाले टोल प्लाजा पर फीस वसूली पहले की तरह जारी रहेगी। स्थानीय निवासियों और किसानों को राहत देते हुए अधिसूचना में कई श्रेणियों को टोल से छूट दी गई है। दोपहिया वाहन, कृषि ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुलिस वाहन, अग्निशमन गाडिय़ां, एंबुलेंस और गैर-व्यावसायिक स्थानीय आवागमन करने वाले लोगों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा।

बता दें कि कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर टोल को लेकर लंबे समय से विरोध होता रहा है। स्थानीय लोगों और कई जनप्रतिनिधियों ने कई बार टोल हटाने की मांग की थी, जिसके बाद सरकार ने दो जुलाई 2026 तक टोल का समय तय किया था। अब नए नोटिफिकेशन के बाद टोल हटने की उम्मीद खत्म हो गई है। इससे रोजाना गुरुग्राम से फरीदाबाद जाने वाले हजारों यात्रियों पर सीधा असर पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर