गुरुग्राम: फेसबुक लॉटरी ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार, अब तक आठ काबू
गुरुग्राम, 13 जून (हि.स.)। फेसबुक पर फर्जी लॉटरी का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को गुरुग्राम साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खाताधारक हैं और ठगी की रकम अपने खाते में मंगवाकर आगे भेजते थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि अब तक आठ आरोपियों को काबू करके सलाखों के पीछे भेजा गया है।
थाना साइबर अपराध मानेसर की टीम ने 11 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए कैलाश और सतपाल को गिरफ्तार किया। कैलाश को गाजियाबाद से और सतपाल को शाहदरा, दिल्ली से पकड़ा गया। दोनों लोनी देहात जिला गाजियाबाद के रहने वाले हैं। ठगी का यह मामला 29 अप्रैल 2026 का है। एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर लॉटरी का विज्ञापन देखा। क्लिक करने के बाद व्हाट्सएप कॉल आई और कॉलर ने बताया कि उसकी 10 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। रजिस्ट्रेशन, जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत पर थाना साइबर अपराध मानेसर में मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 93 हजार रुपये आरोपी कैलाश के बैंक खाते में आए थे। पूछताछ में कैलाश ने बताया कि उसने अपना खाता सतपाल को 25 हजार रुपये में बेच दिया था। सतपाल ने वही खाता आगे किसी अन्य व्यक्ति को 50 हजार रुपये में दे दिया।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं छह आरोपी
इस मामले में पुलिस ने 29 मई 2026 को दिल्ली के असालतपुर, जनकपुरी में रेड कर ऑनलाइन गेमिंग पैनल के जरिए सट्टा और साइबर ठगी चलाने वाले गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 31 मोबाइल, नौ लैपटॉप, नौ एटीएम कार्ड, 43 सिम कार्ड, तीन चेक बुक/पासबुक और तीन स्वाइप मशीन बरामद हुई थीं। अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों नए आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर ठगी की रकम, अन्य खाताधारकों और गिरोह में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

