गुरुग्राम: पूर्व सीएपीएफ कर्मियों व उनके परिवारों को एक ही डिजिटल मंच पर मिलेंगीं सुविधाएं
-पूर्व सैनिकों व सीएपीएफ कर्मियों के लिए समर्पित वेबसाइट लॉन्च
-सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया वेबसाइट का शुभारंभ
-हरियाणा सरकार वीर जवानों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
गुरुग्राम, 10 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम से पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों के लिए डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। हरियाणा सरकार के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग ने शुक्रवार को नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित समारोह में हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में वेबसाइट लॉन्च कर इसे पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित सेवाओं की दिशा में एक अहम कदम बताया।
कार्यक्रम में फरीदाबाद के मंडलायुक्त राजेश जून, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के निदेशक जयदीप कुमार, सीआरपीएफ कादरपुर से डीआईजी परमा सिवान, जिला सैनिक बोर्ड के वेल्फेयर अधिकारी कर्नल (रि) देवेंद्र सिंह ढाका सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा हमेशा से अपने वीर जवानों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था, ताकि सेना के साथ-साथ सीएपीएफ के जवानों और उनके आश्रितों को भी समर्पित एवं प्रभावी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
राव ने कहा कि आज लॉन्च की गई वेबसाइट पूर्व सैनिकों, सीएपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी डिजिटल सुविधा साबित होगी।
उन्होंने बताया कि अब बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और असम राइफल्स सहित सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पूर्व कर्मी इस पोर्टल पर आसानी से पंजीकरण कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची वीर नारियों को सम्मानित कर उनके त्याग और राष्ट्रसेवा में उनके परिवारों के अमूल्य योगदान को नमन किया।
हरियाणा देश के लिए बना उदाहरण
सीआरपीएफ कादरपुर के डीआईजी परमा सिवान ने हरियाणा सरकार द्वारा सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती देश को बड़ी संख्या में सैनिक और अर्धसैनिक बलों के जवान देती है, जो राष्ट्र की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने नक्सलवाद जैसी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के शौर्य और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कादरपुर स्थित सीआरपीएफ परिसर सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

