home page

गुरुग्राम: मानेसर लैंड स्कैम में टीडीआई ग्रुप में ईडी की छापेमारी

 | 

-तीन दिन चली छापेमारी में लग्जरी वाहन, सर्वर और जमीन से जुड़े दस्तावेज जब्त

-400 एकड़ से अधिक अधिग्रहण वाली जमीन मामले में की गई छापेमारी

-तीन कंपनियों के जरिए 33 एकड़ जमीन खरीदकर अतुल बंसल समूह को बेचने का मामला

गुरुग्राम, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मानेसर लैंड स्कैम की मनी लॉन्ड्रिंग जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीडीआई ग्रुप पर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की चंडीगढ़ जोन-1 टीम ने 28 सितंबर को टीडीआई ग्रुप के चेयरपर्सन और कई कंपनियों के प्रबंध निदेशक रविंदर तनेजा से जुड़े दिल्ली और एसएएस नगर स्थित व्यावसायिक एवं आवासीय परिसरों पर तलाशी शुरू की। कार्रवाई तीन दिन तक चली।

इस दौरान लग्जरी वाहनों के साथ दर्जनों प्रोजेक्ट फाइलें, डिजिटल उपकरण, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और सर्वर जब्त किए गए। ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत चल रही जांच के तहत की है। यह जांच सीबीआई की ओर से दर्ज एफआईआर से निकली है। ईडी के अनुसार, टीडीआई ग्रुप की भूमिका वर्ष 2005 से 2007 के दौरान मानेसर, नौरंगपुर और लखनौला गांवों में जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े लेनदेन में जांच के दायरे में है। ईडी के मुताबिक, वर्ष 2007 में इन तीन गांवों में 400 एकड़ से अधिक राज्य-अधिसूचित जमीन अधिग्रहण के लिए निर्धारित की गई थी। जांच एजेंसी का कहना है कि अधिग्रहण के डर के बीच निजी बिल्डरों और बिचौलियों ने किसानों से जमीन कम कीमत पर खरीदी। बाद में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया समाप्त हो गई और अवार्ड ड्रॉप कर दिया गया। इसके बाद वही जमीन ऊंची कीमतों पर बेचे जाने से संबंधित पक्षों को भारी मुनाफा होने की बात जांच में सामने आई।

ईडी के अनुसार, टीडीआई ग्रुप ने इस अवधि में इंडो एशियन कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, एनसीआर प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड और दिव्य ज्योति एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किसानों से करीब 33 एकड़ जमीन खरीदी। बाद में यह जमीन अतुल बंसल के नेतृत्व वाले समूह को ऊंचे मुनाफे पर बेची गई। ईडी इन लेनदेन और इससे जुड़े वित्तीय प्रवाह की जांच कर रही है।

तलाशी के दौरान टीडीआई ग्रुप के अन्य प्रोजेक्ट से संबंधित कथित अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों के रिकॉर्ड भी सामने आने की बात ईडी ने कही है। एजेंसी ने दर्जनों प्रोजेक्ट रिकॉर्ड, फाइलें, डिजिटल उपकरण, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और सर्वर जब्त किए हैं। इसके अलावा कई लग्जरी वाहनों को भी अपराध से अर्जित आय के रूप में चिन्हित कर जब्त किया गया है। ईडी के अनुसार, जब्त दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड, संपत्तियों और टीडीआई गु्रप की कंपनियों के वित्तीय मामलों की जांच जारी है। एजेंसी जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े धन के प्रवाह और कथित अपराध से अर्जित संपत्तियों की भी पड़ताल कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर