home page

गुरुग्राम: बिजवासन टोल पर परिवार से मारपीट में टोल कंपनी पर एनएचएआई ने ठोंका 15 लाख जुर्माना

 | 
गुरुग्राम: बिजवासन टोल पर परिवार से मारपीट में टोल कंपनी पर एनएचएआई ने ठोंका 15 लाख जुर्माना


-एनएचएआई ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए की कड़ी कार्रवाई

-जुर्माना लगाने के साथ ही टोल कंपनी को ब्लैकलिस्ट का नोटिस

गुरुग्राम, 10 नवंबर (हि.स.)। द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार के साथ विवाद में परिवार के सदस्यों को बूम बैरियर से पीटने का भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कड़ा संज्ञान लिया है। एनएचएआई की ओर से टोल संचालन करने वाली कांट्रेक्ट कंपनी मेसर्स रिद्धि सिद्धि एसोसिएट्स पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही कंपनी को शो कॉज नोटिस देकर पूछा है कि क्यों न आपको ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए। किसी भी टोल पर मारपीट की घटना में यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार द्वारका एक्सप्रेसवे पर बिजवासन टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में टोल कर्मियों ने कार सवार परिवार के साथ मारपीट की थी। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि विवाद के दौरान कर्मचारियों ने बूम बैरियर तक उठाकर परिवार पर हमला कर दिया था। वीडियो वारयल होने पर लोगों में टोल कर्मियों के व्यवहार को लेकर भारी आक्रोश फैल गया था। वीडियो वायरल होने के बाद एनएचएआई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए थे। जांच में टोल कंपनी की लापरवाही और कर्मचारियों का हिंसक व्यवहार सामने आया। एनएचएआई ने कहा कि टोल प्लाजा पर यात्रियों के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टोल कर्मियों का काम यातायात को सुचारू करना है, न कि लोगों के साथ मारपीट करना।

एनएचएआई ने कंपनी पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही शो कॉज नोटिस भी जारी किया है।

नोटिस में कंपनी से जवाब मांगा गया है कि आखिर क्यों न उसके खिलाफ ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाए। अगर कंपनी का जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो उसे भविष्य में किसी भी टोल के संचालन से वंचित किया जा सकता है। इसके साथ ही एनएचएआई ने टोल प्लाजा पर तैनात संबंधित कर्मचारियों को तुरंत हटाने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही कंपनी को अपने सभी कर्मचारियों को व्यवहार और प्रशिक्षण के बारे में सख्त निर्देश देने को कहा गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। इस मामले में पुलिस भी जांच कर रही है। पीडि़त परिवार की शिकायत पर टोल कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। लोगों ने एनएचएआई की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई हर घटना में होनी चाहिए, ताकि टोल कर्मचारियों की गुंडागर्दी खत्म हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर