गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर खड़े कैंटर से स्कूटी टकराने पर युवक-युवती की मौत
-स्कूटी पर सवार दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल
गुरुग्राम, 09 अगस्त (हि.स.)। धनकोट चौकी क्षेत्र में द्वारका एक्सप्रेसवे के फ्लाईओवर पर बिना सुरक्षा उपकरण के खड़े कैंटर से स्कूटी टकराने के बाद हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि हादसा शनिवार देर रात को बीपीटीपी सोसाइटी के सामने हुआ।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बाबूपुर निवासी पंकज स्वामी ने बताया कि वह अपनी कार से द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते घर लौट रहे थे। उनके आगे एक स्कूटी पर दो युवतियां और एक युवक सवार था। इसी दौरान फ्लाईओवर पर एक कैंटर खड़ा था। कैंटर के आसपास कोई सुरक्षा उपकरण या संकेतक नहीं लगाए गए थे। ऐसे में एक स्कूटी कैंटर के पीछे जा टकराई, जिससे स्कूटी सवार एक युवक व दो युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों युवतियों को मणिपाल अस्पताल और घायल युवक को वाइब्रेंट अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की पहचान लक्ष्य गहलोत निवासी ककरोला दिल्ली के रूप में हुई, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मणिपाल अस्पताल में उपचार के दौरान दिल्ली के विकास नगर निवासी निधि की भी मौत हो गई। तीसरी घायल युवती दिल्ली के कोटला विहार निवासी अंकिता कुमारी का इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से स्कूटी और कैंटर को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा कराया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने पंकज की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई बलविंदर ने रविवार को बताया कि कैंटर चालक को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

