home page

गुरुग्राम: शादी के दिन दूल्हा हुआ गायब, मंडप में बैठी रही दुल्हन

 | 

-पुश्तैनी जमीन बेचकर बेटी की शादी पर खर्च किए तीस लाख, खुशियों वाले घर में पसरा मातम

गुरुग्राम, 22 नवंबर (हि.स.)। फर्रुखनगर क्षेत्र में शादी के दिन दूल्हे के अचानक लापता होने से एक परिवार की खुशियां पलभर में परेशानी और तनाव में बदल गईं। दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई सूचना नहीं मिली तो लड़की पक्ष की चिंता बढ़ गई।

मामला फर्रुखनगर के मुबारिकपुर गांव का है। गांव की एक लड़की का रिश्ता कालियावास निवासी नरेश के साथ तय हुआ था। गांव के सरपंच सतबीर सिंह के अनुसार, 18 नवंबर को लगन की रस्म हुई थी और 20 नवंबर को शादी होनी निर्धारित थी। पहले लड़की पक्ष पंचायत भवन में शादी करना चाहता था, लेकिन लड़के पक्ष की सहमति नहीं मिलने पर वाटिका में समारोह आयोजित करने की तैयारी की गई।

शादी वाले दिन वाटिका में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी। शाम करीब छह बजे कन्यादान की रस्म भी पूरी हो गई, लेकिन रात नौ बजे तक बारात नहीं पहुंची। इसके बाद परिजन सरपंच को साथ लेकर दूल्हे के घर पहुंचे। वहां नरेश नहीं मिला। बताया गया कि उसके परिवार के सदस्य उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाने थाने गए हुए हैं। सरपंच के मुताबिक, बाद में जानकारी मिली कि नरेश घर से बिना बताए चला गया है। उसने अपनी मां के फोन पर संदेश भेजा था कि वह चार-पांच दिन बाद वापस लौटेगा। सरपंच सतबीर सिंह ने बताया कि लड़की के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका 20 वर्षीय भाई सन्नी मजदूरी करता है, जबकि मां भी मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती है। बेटी की शादी के लिए परिवार ने अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी। लड़की पक्ष का दावा है कि शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए।

घटना के बाद लड़की गहरे सदमे में है और परिजनों से भी बातचीत नहीं कर रही है। वहीं, लड़की ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 20 नवंबर को 15 से 20 लोग उनके गांव पहुंचे और परिवार को परेशान किया। मामले को लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों को 26 नवंबर को थाने में पेश होने के लिए बुलाया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि बेटी की शादी के लिए परिवार ने अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी और करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर