गुरुग्राम: मानेसर नगर निगम क्षेत्र में भूमि का डिजिटल रिकॉर्ड होगा तैयार
-निगम क्षेत्र की प्रत्येक प्रॉपर्टी का तैयार होगा डिजिटल डेटा
-राइट्स ऑफ लैंड रिकॉर्ड से आमजन को होगी सहूलियत
-केंद्र सरकार के नक्शा पायलट प्रोजेक्ट के तहत हो रहा सर्वे
गुरुग्राम, 6 दिसंबर (हि.स.)। डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉड्र्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत भू-मालिकों की सटीक पहचान करने के लिए केंद्र सरकार के नक्शा प्रोजेक्ट के अंतर्गत नगर निगम मानेसर ने निगम क्षेत्र की जमीन का सर्वे करवा रहा है। निगम क्षेत्र के गांव गढ़ी, हरसरू, भांगरौला और हयातपुर से सर्वे की शुरूआत हो चुकी है। नक्शा प्रोजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की निजी, सरकारी सभी भूमि का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। लैंड सर्वे में जिला राजस्व विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है।
इस प्रोजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की पूरी भूमि का सर्वे किया जाएगा। सर्वे टीम गांवों, सेक्टरों, वाणिज्यिक संस्थानों आदि सभी जगह जाकर सर्वे करेगी। भू-मालिकों से भूमि के दस्तावेज, मालिकों का ब्यौरा लिया जा रहा है। सर्वे का उद्देश्य भूमि संबंधी प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना है। आमजन को अपनी संपत्ति की सटीक जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी। सर्वे पूरा होने पर संपत्ति विवादों, अवैध कब्जों पर रोक और भूमि स्वामित्व की पहचान आसानी से हो सकेगी। ड्रोन और अन्य तकनीकी साधनों से जमीन का सर्वे किया जा रहा है। डिजिटल नक्शे बनाए जाएंगे। इसके अलावा प्रॉपर्टी धारकों को प्रॉपर्टी कार्ड भी दिए जाएंगे।
नगर निगम की ओर से सर्वे के काम के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है। टीमें गांवों में जाकर सर्वे कर रही है।
मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने शनिवार कि केंद्र सरकार के पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहरी क्षेत्रों में भूमि के रिकॉर्ड को डिजिटल किया जा रहा है। हरियाणा में मानेसर, पंचकूला नगर निगम और नारनौल नगर परिषद से इसकी शुरुआत की गई है। इस योजना का सीधा लाभ आमजन को मिलेगा। शहरी भूमि प्रबंधन से जनता में विश्वास बढ़ेगा और बुनियादी ढ़ांचे को बढ़ावा मिलेगा। आयुक्त ने निगम क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि निगम की ओर से सर्वे टीम गठित की गई है, उनका सहयोग करें। जमीन, मकान, प्लॉट आदि से संबंधित जरूरी दस्तावेज सर्वे टीम के मांगने पर दिखाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

