home page

गुरुग्राम: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में डीएचबीवीएन ने 51 प्रतिशत लक्ष्य किया हासिल

 | 
गुरुग्राम: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में डीएचबीवीएन ने 51 प्रतिशत लक्ष्य किया हासिल


-हिसार जोन में सर्वाधिक 36,291 सोलर संयंत्र स्थापित

-दिल्ली जोन ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 38 प्रतिशत काम किया

-मार्च 2027 तक काम पूरा करने का रखा गया है लक्ष्य

गुरुग्राम, 23 सितंबर (हि.स.)। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के काम को तेजी से आगे बढ़ाने का दावा किया गया है। अब तक कुल 51 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। रेवाड़ी और सिरसा सर्कल ने मार्च 2027 तक निर्धारित लक्ष्य को छह महीने पहले वर्ष 2026 में ही पार करते हुए 106-106 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ते हुए फतेहाबाद ने 86 प्रतिशत, हिसार ने 63 प्रतिशत, गुरुग्राम-1 ने 41 प्रतिशत, गुरुग्राम-2 ने 48 प्रतिशत, नारनौल ने 46 प्रतिशत, भिवानी ने 45 प्रतिशत तथा जींद ने 37 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। फरीदाबाद ने 15 प्रतिशत और पलवल ने 11 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार डीएचबीवीएन द्वारा योजना के तहत शेष पात्र उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए प्रक्रिया को ओर तेज किया जा रहा है, ताकि मार्च 2027 तक निर्धारित 1,22,000 सौर कनेक्शनों के लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके। कहा गया है कि डीएचबीवीएन में अब तक योजना के तहत 1,01,845 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 62,455 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन संयंत्रों की कुल स्थापित क्षमता 221.90 मेगावाट है।

जोनवार प्रगति की बात करें तो इसमें हिसार जोन अग्रणी है। वहां अब तक 62,282 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 36,291 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 119.41 मेगावाट है। जोन में 35,952 कनेक्शन जारी किए गए हैं तथा 31,616 लाभार्थियों को 231.36 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है। हिसार जोन ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 66 प्रतिशत हासिल कर लिया है।

दिल्ली जोन में 39,563 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 26,164 रूफटॉप सोलर संयंत्र, कुल 102.49 मेगावाट क्षमता, स्थापित किए जा चुके हैं। जोन में 25,861 कनेक्शन जारी किए गए हैं तथा 21,016 लाभार्थियों को 149.52 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है। दिल्ली जोन ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 38 प्रतिशत हासिल किया है।

डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निपटान तथा निरीक्षण एवं कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ निर्धारित समय में मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर