गुरुग्राम: विकसित भारत 2047 के लक्ष्य प्राप्ति में सहायक होगा कॉस्ट मैनेजमेंट: सांसद धर्मबीर सिंह
-भारत को एमएसएमई क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी बनाने में कॉस्ट एवं मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स की भूमिका महत्वपूर्ण
गुरुग्राम, 20 जुलाई (हि.स.)। द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएमएआई) के नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (एनआईआरसी) द्वारा गुरुग्राम में हरियाणा के एमएसएमई: विकसित भारत 2047 की यात्रा को सशक्त बनाना विषय पर राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह ने शिरकत की। सम्मेलन की मेजबानी एनआईआरसी के सबसे बड़े चैप्टर तथा लगातार तीन वर्षों से बेस्ट चैप्टर रहे गुरुग्राम चैप्टर द्वारा की गई।
मुख्य अतिथि सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि भारत को वैश्विक विनिर्माण शक्ति बनाने और एमएसएमई क्षेत्र को प्रतिस्पर्धी बनाने में कॉस्ट एवं मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (प्रबंधन लेखाकार) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उर्वरक एवं कृषि इनपुट जैसे क्षेत्रों में कॉस्ट रिकॉड्र्स (लागत रेखांकन) के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि वैज्ञानिक लागत निर्धारण से घरेलू उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। नीति निर्माण को मजबूती मिलेगी तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। मुख्य वक्ता राजीव के. चावला, चेयरमैन, जय राज ग्रुप, सीएमए विवेक कुमार चिप्पा, वरिष्ठ प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जयपुर तथा मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ महाप्रबंधक, नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन (एनएसआईसी) ने भी अहम बातें साझा कीं।
सम्मेलन में सीएमए राजीव मेहरोत्रा, सदस्य, सुप्रीम कोर्ट की एम्पावर्ड कमेटी, सीएमए एस. के. सिन्हा, निदेशक (वित्त), गेल, सीएमए अशोक कुमार, निदेशक (वित्त), नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन तथा सीएमए सौरव मित्रा, निदेशक (वित्त), पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कॉर्पोरेट गवर्नेंस, वित्तीय अनुशासन, सतत विकास तथा औद्योगिक प्रगति में वित्तीय नेतृत्व की भूमिका पर अपने विचार सांझा किए।
सम्मेलन में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम सीएमए राकेश यादव, चेयरमैन, एनआईआरसी, सीएमए हनी सिंह, सचिव, एनआईआरसी तथा सीएमए सत्य नारायण मित्तल, चेयरमैन, प्रोफेशनल डेवलपमेंट कमेटी, एनआईआरसी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सीएमए एम.के. आनंद, केंद्रीय परिषद सदस्य, सीएमए नवनीत जैन, केंद्रीय परिषद सदस्य तथा सीएमए राजेन्द्र भाटी, केंद्रीय परिषद सदस्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह सम्मेलन गुरुग्राम चैप्टर ने सीएमए चेयरमैन निखिल अग्रवाल, सीएमए अमोल पाटिल, वाइस चेयरमैन, सीएमए रूप सिंह, सचिव, सीएमए राकेश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष तथा सीएमए राकेश कुमार, चेयरमैन, जनसंपर्क समिति के नेतृत्व में आयोजित किया। सीएमए संजय कुमार आर्य, पूर्व चेयरमैन, भिवानी चैप्टर ने मुख्य अतिथि सांसद धर्मबीर सिंह को आमंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएमए चेयरमैन गुरुग्राम चैप्टर निखिल अग्रवाल ने कहा कि गुरुग्राम आज हरियाणा का प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र होने के साथ-साथ राज्य का सबसे बड़ा एमएसएमई हब बन चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

