home page

गुरुग्राम में युवक की मौत पर सिविल अस्पताल में हंगामा

 | 

सिविल ड्रेस में पहुंचे पुलिसवाले से हाथापाई

गुरुग्राम, 26 सितंबर (हि.स.)। एक युवक की सड़क हादसे में मौत के बाद सेक्टर 10 सिविल अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान सिविल ड्रेस में अस्पताल पहुंचे एक पुलिसकर्मी को परिजनों ने आरोपी समझ लिया और उसके साथ हाथापाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के ही रहने वाले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के बाद युवक को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए।

परिजनों का आरोप है कि हादसा करने वाला आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। इसी गुस्से में परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए और कहा कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और उन्हें हादसे की सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाई जाती, तब तक वे शव को नहीं उठाएंगे।

इसी दौरान सिविल ड्रेस में एक पुलिसकर्मी जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचा। गुस्साए परिजनों ने उसे ही हादसे का आरोपी समझ लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर पुलिसकर्मी को वहां से निकाला।

घंटों तक परिजन अस्पताल कैंपस में ही डटे रहे। उन्होंने अस्पताल के बाहर नारेबाजी भी की। बाद में मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कहा कीवजल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाया कि शव का पोस्टमार्टम कराना जरूरी है। काफी समझाने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पर राजी हुए। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर