home page

गुरुग्राम: बीमार बुजुर्ग की देखभाल में लगे अटेंडेंट व साथी ने की लाखों की ठगी

 | 
गुरुग्राम: बीमार बुजुर्ग की देखभाल में लगे अटेंडेंट व साथी ने की लाखों की ठगी


-पुलिस ने मेल नर्सिंग ऑफिसर समेत दो आरोपी किए गिरफ्तार

-बीमार मरीज की देखभाल के दौरान दिया वारदात को अंजाम

गुरुग्राम, 08 जुलाई (हि.स.)। बुजुर्ग दम्पति की बीमारी के दौरान उनकी देखभाल में लगे एक मेल नर्सिंग अटेंडेंट व एक अन्य ने लाखों रुपये की साइबर ठगी कर ली। पुलिस ने इस मामले में मेल नर्सिंग अटेंडेंट सहित दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस थाना साइबर अपराध पूर्व की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी । शिकायत में कहा था कि दो अप्रैल 2026 से 12 अप्रैल 2026 के बीच उसके और उसके बीमार पति के बैंक खाते से बिना जानकारी के तीन लाख 14 हजार 800 रुपये विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर हुए। यह उनके साथ ठगी हुई है। इस शिकायत पर थाना साइबर अपराध पूर्व गुरुग्राम में केस दर्ज करके जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी मानवेन्द्र (26 वर्ष) निवासी जिला कासगंज (उत्तर प्रदेश) व दूसरा आरोपी अभिषेक कुमार मौर्य (25 वर्ष) निवासी जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मानवेन्द्र एक अप्रैल 2026 से शिकायतकर्ता के बीमार पति की देखभाल के लिए मेल नर्सिंग अटेंडेंट के रूप में काम कर रहा था। इसी दौरान उसने शिकायतकर्ता महिला के पति का मोबाइल फोन लेकर उसमें पेटीएम अकाउंट एक्टिव कर लिया और सिम कार्ड अपने पास रख लिया। इसके बाद उसने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर बुजुर्ग दम्पति के बैंक खाते से 3.14 लाख रुपये निकालकर ऑनलाइन बेटिंग/गेमिंग ऐप में ट्रांसफर कर दिए। दोनों ने सारी रकम गेम खेलकर हार दी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी दिल्ली यूनिवर्सिटी से जियोग्राफी (ऑनर्स) ग्रेजुएट हैं। दिल्ली में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किए गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर