home page

गुरुग्राम: साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोपी काबू

 | 

-एड्रेस वेरिफिकेशन के नाम पर 71 हजार की साइबर ठगी

गुरुग्राम, 21 मई (हि.स.)। साइबर अपराध साउथ थाना पुलिस ने ऑनलाइन ऑर्डर के एड्रेस वेरिफिकेशन के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 2,500 रुपए में अपना बैंक खाता बेचा था। उसी खाते में ठगी के 26,750 रुपए ट्रांसफर हुए थे।

दरअसल, साइबर अपराध साउथ थाना में 13 अक्टूबर 2025 को शिकायत मिली थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक ऑनलाइन शॉपिंग पेज से कपड़े ऑर्डर किए थे। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल कर एड्रेस वेरिफिकेशन के नाम पर विभिन्न किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। राशि वापस करने का झांसा देकर 71 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। इस मामले में साइबर अपराध साउथ थाना टीम ने एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रकाश मीणा उर्फ पिन्टु मीणा निवासी जयपुर के रूप में हुई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि ठगी की रकम में से 26,750 रुपये आरोपी विशाल बुनकर के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। विशाल को गुरुग्राम पुलिस ने 16 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। विशाल ने यह बैंक खाता प्रकाश मीणा को 2,500 रुपए में बेचा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर