home page

गुरुग्राम: एप्पल कस्टमर सर्विस के नाम पर अमेरिकी नागरिकों से ठगी के 11 आरोपी काबू

 | 

- पुलिस ने पालम विहार से आरोपियों को काबू किया

गुरुग्राम, 01 सितंबर (हि.स.)। फर्जी एप्पल कस्टमर सर्विस बनकर अमेरिका के नागरिकों से करोड़ों की ठगी कर ली गई। इस तरह से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मंगलवार को पालम विहार से 11 आरोपियों को काबू किया है।

पुलिस थाना साइबर अपराध पश्चिम को सूचना मिली थी कि प्लॉट नंबर-1208, जे-ब्लॉक पालम विहार में बिना अनुमति फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है। सूचना पर एक सितंबर को रेड की गई। मौके पर आरोपी लैपटॉप, हेडफोन/माइक और मोबाइल फोन पर एक्स लाइट डायलर और एपल फेस टाइम के जरिए अंग्रेजी में विदेशी नागरिकों से बात करते मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रितपाल सिंह (सुभाष नगर, दिल्ली), मोहम्मद रिजान अंसारी (सदर बाजार, दिल्ली), चैतन्य गोयल (सेंट्रल दिल्ली), मनीष (भद्रक, ओडिशा), शाहरुख अंसारी (सदर बाजार), संजीव पांडे (आजादपुर), शिवम (वजीराबाद), आदित्य (उत्तम नगर), दीपक त्रिवेदी (उत्तम नगर), वरुण गौतम (उत्तम नगर) और नीरज (रोहतक, हरियाणा) के रूप में हुई। थाना साइबर अपराध पश्चिम में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ में पता चला कि प्रितपाल सिंह कॉल सेंटर का टीम लीडर था। आरोपी करीब तीन महीने से मकान किराए पर लेकर कॉल सेंटर चला रहे थे। सभी कॉलर कमीशन पर रखे गए थे। मुख्य संचालक एक अन्य व्यक्ति है। आरोपी अमेरिकी नागरिकों को मोबाइल में वायरस/तकनीकी समस्या का झांसा देकर वर्चुअल टोल फ्री नंबर पर कॉल करवाते थे। खुद को एप्पल का कर्मचारी बताकर उनकी समस्या सुलझाने के नाम पर फेडरल ट्रेड कमीशन का फर्जी पत्र दिखाकर डराते थे और 10,000 से 20,000 डॉलर की ठगी करते थे। रकम विदेशी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाते और गिफ्ट वाउचर/कार्ड के नंबर भी ले लेते थे। पुलिस ने मौके से नौ लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, दो हेडफोन/माइक, दो कार, एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर