home page

गुरुग्राम: निर्माण कार्य के दौरान गिरने से राजमिस्त्री की मौत

 | 

-ठेकेदार व कंपनी पर केस दर्ज

गुरुग्राम, 06 अगस्त (हि.स.)। आईएमटी मानेसर स्थित एक कंपनी में निर्माण कार्य के दौरान ऊंचाई से गिरने पर राजमिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि मृतक की बेटी की शिकायत पर सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने ठेकेदार और कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में शीतला कॉलोनी निवासी प्रीति ने बताया कि उसके पिता हजारी लाल राजमिस्त्री थे और ठेकेदार बच्चू सिंह के माध्यम से सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर स्थित लाल जी पैकेजिंग कंपनी में काम कर रहे थे। करीब 20 फुट ऊंचाई पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम करने के दौरान उनके पिता नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल हजारी लाल को पहले राठौर अस्पताल और फिर गुरुग्राम के आरवी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां पांच अगस्त को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार और कंपनी की लापरवाही तथा सुरक्षा उपायों के अभाव के कारण यह हादसा हुआ। मृतक की बेटी की शिकायत और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने ठेकेदार बच्चू सिंह और लाल जी पैकेजिंग कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर