home page

गुरुग्राम: राजनीतिक असहमति को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग स्वीकार नहीं: राव नरेंद्र सिंह

 | 
गुरुग्राम: राजनीतिक असहमति को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग स्वीकार नहीं: राव नरेंद्र सिंह


-लोकतंत्र में युवाओं की आवाज दबाने वालों को हरियाणा की जनता जवाब देगी

गुरुग्राम, 24 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं एवं छात्र नेताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर, गिरफ्तारियों तथा कथित पुलिस प्रताडऩा के विरोध में सोमवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राव नरेंद्र सिंह जी के नेतृत्व में गुरुग्राम में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।

राव नरेंद्र सिंह ने प्रमुख रूप से मांग की कि 21 अगस्त 2026 को गुरुग्राम में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ-साथ गुरुग्राम ग्रामीण एवं गुरुग्राम शहरी के दोनों जिला अध्यक्षों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारों को परेशान या धमकाना तत्काल बंद किया जाए। जिन युवा कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं एवं जिला अध्यक्षों ने पुलिस हिरासत के दौरान मारपीट अथवा प्रताडऩा की शिकायत की है, उनका स्वतंत्र मेडिकल परीक्षण कराया जाए। साथ ही संबंधित स्थानों की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखी जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करती है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और अपनी बात रखने का अधिकार लोकतंत्र का मूल अधिकार है। राजनीतिक असहमति को दबाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार और पुलिस प्रशासन ने इन मांगों पर तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो यह आंदोलन केवल गुरुग्राम तक सीमित नहीं रहेगा। हरियाणा के हर जिले में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता और छात्र लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों, न्याय और कानून के शासन की लड़ाई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने, उनके परिवारों पर दबाव बनाने या शांतिपूर्ण राजनीतिक विरोध को अपराध की तरह पेश करने की किसी भी कोशिश का पूरे हरियाणा में लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। हमारे युवा कार्यकर्ता, छात्र और जिला अध्यक्ष आरोपी नहीं, लोकतंत्र की आवाज हैं। आवाज दबाने की हर कोशिश का पूरे हरियाणा में लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, उपनेता एवं विधायक आफताब अहमद, विधायक बी.बी. बतरा, विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व मंत्री करण दलाल, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, पूर्व मंत्री जसवंत बावल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव, केकेसी प्रदेश अध्यक्ष नरेश मलिक, वीरेंद्र बिल्लू यादव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर