गुरुग्राम में सीएम के काफिले को कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे
-गुरुग्राम की बदहाली नहीं सुधारने पर कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा
-कांग्रेस शहरी अध्यक्ष पंकज डावर, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ता
-कांग्रेसी बोले, बार-बार गुरुग्राम आकर भी सीएम सुधार नहीं सकते तो क्या फायदा
गुरुग्राम, 21 अगस्त (हि.स.)। शहर में टूटी सडक़ों, फैली गंदगी, गंदगी से अटे पड़े नालों, बरसात में जलभराव समेत तमाम परेशानियों को लेकर कांग्रेसियों का शुक्रवार को गुस्सा फूटा। कांग्रेस शहरी अध्यक्ष पंकज डावर, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उस समय सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाए, जब सीएम गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन-एच युवा उद्यमियों से संवाद करने जा रहे थे। पंकज डावर व वर्धन यादव ने काले कपड़े भी पहन रखे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम के सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय में प्रस्तावित जेन-एच युवा उद्यमियों के साथ चौपाल कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव की अगुवाई में 15-20 कार्यकर्ता सीएम का काफिला आते देख सडक़ किनारे आ गए। पंकज डावर व वर्धन यादव ने काली शर्ट पहन रखी थी। सभी ने अपनी जेबों से काले कपड़े निकालकर मुख्यमंत्री के काफिले को दिखाने शुरू कर दिए। काफिले में शामिल पुलिसकर्मियों ने तुरंत गाडिय़ों से उतरकर उन्होंने हटाने की कोशिश की। सभी कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर गुडग़ांव आते हैं। जितने वे गुडग़ांव आते हैं, उतने शायद ही कहीं और जाते हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता गुडग़ांव की हर समस्या को लगातार उठाते हैं। जलभराव हो, टूटी सडक़ें हों, स्वच्छता के बुरे हाल हों या फिर कोई अन्य समस्या, सभी को मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर किया जाता है। ऐसा नहीं है कि किसी अधिकारी, मुख्यमंत्री तक समस्याओं की सूचनाएं नहीं पहुंचती। सब कुछ जानकारी होने बाद भी और बार-बार गुडग़ांव आकर भी समस्याओं का समाधान कर सकने में सरकार विफल है। सरकार जनसमस्याओं पर बात तक नहीं करती। ग्रीवेंस की बैठकें भी सिर्फ खानापूर्ति रह गई हैं।
कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा के दिए टास्क पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में युवाओं से बात करने पहुंचे। भाजपा ने उन्हें टास्क दिया है कि जो नौजवान और युवा आपके खिलाफ हैं, उनसे जाकर बात करो, संवाद करो। इस संवाद से पहले हमने काले झंडों से उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के फस्र्ट ईयर के स्टूडेंट्स का अभी तक रिजल्ट नहीं आया है। शिक्षा का ढांचा ध्वस्त है। इन्फ्रास्ट्रक्चर के नाम पर सरकार ने जीरो सुविधाएं दे रखी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

