home page

गुरुग्राम: क्या गलती से बीमारी में बाहर आ गईं मेयर या बीमारी चुनाव टालने का बहाना था : पंकज डावर

 | 
गुरुग्राम: क्या गलती से बीमारी में बाहर आ गईं मेयर या बीमारी चुनाव टालने का बहाना था : पंकज डावर


सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर के चुनाव के समय बीमार, स्वच्छता की शपथ दिलाने के लिए ठीक हुईं मेयर

सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर का चुनाव टालने को बीमारी की कही गई बात

कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने उठाया सवाल

गुरुग्राम, 01 मई (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा है कि एक दिन पहले गुरुवार को हिपा में होने वाले सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को इसलिए टाल दिया गया कि शहर की प्रथम नागरिक मेयर की तबीयत बिगड़ गई थी। अब दूसरे ही दिन शुक्रवार को मेयर इतनी दुरुस्त हो गईं कि वे नगर निगम द्वारा शीतला माता मंदिर की पार्किंग में नई सोच, नया शहर-स्वच्छ हरियाणा अभियान में हिस्सा लेने पहुंच गईं।

पंकज डावर ने कहा कि मेयर राजरानी मल्होत्रा ने लोगों को शपथ दिलाई और स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उनकी यही कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई। उन्होंने कहा कि गुरुवार को जब मेयर इतनी अधिक बीमार थीं कि वे चुनावी प्रक्रिया में ही नहीं पहुंच पाई। लेकिन शुक्रवार को उनके लिए यह कार्यक्रम इतना जरूरी हो गया कि वे बीमार होने के बावजूद इस कार्यक्रम में पहुंचने को मजबूर हो गईं। चुनाव प्रक्रिया के लिए वरिष्ठ अधिकारी और पार्षद उनका इंतजार करते रहे। दोपहर करीब 12 बजे पता चला कि मेयर राजरानी मल्होत्रा बीमार हो गई हैं। यह बात पता चलते ही चुनाव प्रक्रिया टाल दी गई। अगली तारीख तय करने की बात कही गई। पंकज डावर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि स्वच्छता का यह कार्यक्रम इतना महत्वपूर्ण और जरूरी थी कि बीमार होने के बावजूद मेयर को इसमें आना पड़े। उन्होंने कहा कि जनता को इस घटनाक्रम से यह समझ आ गया है कि चुनाव कराना और चुनाव टालना सब भाजपा की राजनीति का हिस्सा था। भाजपा अपने राजनीतिक लाभ लेने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। अगर भाजपा को यह चुनाव कराना ही होता तो मेयर बीमार होते हुए भी चुनावी प्रक्रिया में पहुंचती। पंकज डावर ने कहा कि चुनाव को टालने के लिए मेयर के बीमार होने को ढाल बनाया गया। इसके अलावा भाजपा को कोई बहाना ही नहीं सूझा। अगर मेयर की बीमारी से सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर का चुनाव टाल ही दिया था तो बीमार मेयर को कम से कम एक-दो तो आराम फरमाना ही चाहिए था। शुक्रवार को नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आयोजित नई सोच, नया शहर-स्वच्छ हरियाणा अभियान कार्यक्रम में पहुंची मेयर को देखकर कहीं से भी नहीं लगा कि वे एक दिन पहले बीमार थीं। मेयर इस कार्यक्रम में सफाई के प्रति संदेश भी दे रही थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर