home page

गुरुग्राम: चलते सीएनजी ऑटो में भीषण आग, चालक जिंदा जला

 | 
गुरुग्राम: चलते सीएनजी ऑटो में भीषण आग, चालक जिंदा जला


शॉर्ट सर्किट की आशंका, ऑटो पूरी तरह जलकर खाक

मृतक की पहचान अब तक नहीं, पुलिस जांच में जुटी

गुरुग्राम, 28 अप्रैल (हि.स.)। राजीव चौक के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती सीएनजी ऑटो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह ऑटो के अंदर ही जल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो में अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। सीएनजी गैस होने के कारण आग ने और भी विकराल रूप ले लिया जिससे चालक बाहर नहीं निकल सका। आस-पास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था और चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने ऑटो के अंदर ड्राइवर सीट से जला हुआ शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ऑटो उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने ऑटो मालिक से संपर्क कर उसे गुरुग्राम बुलाया है। फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो पाई है और सदर थाना पुलिस उसकी शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर