गुरुग्राम: फिजूलखर्ची पर रोक लगा एक रुपये के रिश्ते की करें पहल: सुमन सैनी
-सोहना में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 में किया बच्चों को सम्मानित
गुरुग्राम, 31 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद सुमन सैनी ने समाज से विवाह-शादियों में दहेज प्रथा को खत्म कर एक रुपया का रिश्ता करने की पहल करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसले से समाज में समानता की भावना बढ़ेगी और बेटियों के माता-पिता पर आर्थिक बोझ कम होगा। वे रविवार देर शाम सोहना की अग्रसेन भवन में समाज उत्थान न्यास द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी भीम सिंह सैनी ने की। मानव निर्माण अभियान चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सुशील गिरी जी महाराज की गरिमामयी उपस्थित रही। मंच संचालन गगनदीप एवं हितेश सैनी ने किया। अपने संबोधन में सुमन सैनी ने कहा कि आज समाज में दिखावा और फिजूलखर्ची बढ़ रही है। शादी जैसे पवित्र बंधन में लाखों रुपये खर्च कर परिवार कर्ज में डूब जाते हैं। अगर हम एक रुपया नारियल के साथ रिश्ता तय करने की परंपरा को अपनाएंगे तो इससे न सिर्फ दहेज जैसी कुरीति खत्म होगी, बल्कि युवाओं को भी यह संदेश जाएगा कि रिश्ता धन से नहीं, संस्कार और समानता से बनता है। सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के लिए निरंतर काम कर रहे है। समाज जब सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर ऐसी पहल करेगा, तभी प्रदेश सही मायनों में आगे बढ़ेगा।
समारोह में सर्व समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले, खेल अन्य क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाले 345 प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशस्ति पत्र, जुट बैग और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें केवल नौकरी पाने वाला बनने की बजाय नौकरी देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजक नरेश कुमार सैनी संरक्षक समाज उत्थान न्यास, सोनू सैनी रेवाड़ी स्वीट्स गुरुग्राम, नरेंद्र दत्त सैनी समाजसेवी, कृष्ण सैनी समाजसेवी समेत संस्था ओर सोहना की पूरी टीम ने कार्यक्रम को संचालित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री संजय सिंह, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक सोहना विधानसभा, प्रीति बागड़ी, चेयरपर्सन नगर परिषद सोहना, हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, शर्मिला धनखड़, धर्मपत्नी अजीत सैनी राष्ट्रमंडल खेलों में पैरा एथलेटिक्स की प्रथम भारतीय स्वर्ण पदक विजेता, मुनीश सैनी प्रधान गुरुग्राम आढ़ती, अक्षय कुमार सामल सामाजिक-सांस्कृतिक उद्यमी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कलिंगा भारती फाउंडेशन अति-विशिष्ट अतिथि रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

