home page

गुरुग्राम: अर्बन मोबिलिटी के सिद्धांतों के अनुरूप विकसित हों आधुनिक सडक़ें: नायब सिंह सैनी

 | 
गुरुग्राम: अर्बन मोबिलिटी के सिद्धांतों के अनुरूप विकसित हों आधुनिक सडक़ें: नायब सिंह सैनी


-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में अधिकारियों को दिए निर्देश

-शहर के सभी सेक्टरों में स्ट्रीट वेंडिंग जोन होंगे चिह्नित

-चार स्थानों पर सब्जी मंडियों के लिए जगह तलाशने के निर्देश

गुरुग्राम, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में सनाथ रोड की तर्ज पर अर्बन मोबिलिटी के सिद्धांतों के अनुरूप आधुनिक सडक़ें विकसित की जाएं। इन सडक़ों की डिजाइनिंग इस प्रकार हो कि वाहनों के सुगम आवागमन के साथ पैदल राहगीरों और साइकिल चालकों को भी पर्याप्त स्थान मिले। उन्होंने सभी सडक़ों पर फुटपाथ की डिजाइन में एकरूपता रखने, पैदल यात्रियों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने तथा जल निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शनिवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में राहगिरी फाउंडेशन और नगारो फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में मिले सुझावों पर दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के ढांचागत विकास, सौन्दर्यीकरण तथा शहरी मोबिलिटी और सडक़ विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बैठक में दोनों फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने आधुनिक सडक़ें विकसित करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने और स्ट्रीट वेंडिंग को व्यवस्थित करने से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए अर्बन फॉरेस्ट की तर्ज पर नए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर नए हरित क्षेत्र विकसित किए जा सकें। इसके साथ ही त्रिवेणी और मियावाकी पद्धति के अनुरूप पौधारोपण को भी बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सडक़ विकास योजनाओं के साथ पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि शहर में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

बैठक में स्ट्रीट वेंडिंग को व्यवस्थित करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुरुग्राम के सभी सेक्टरों में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर निर्धारित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी संचालकों को व्यवस्थित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि उनका रोजगार भी प्रभावित न हो और फुटपाथ, सडक़ तथा ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की स्थिति भी पैदा न हो। इसके अलावा उन्होंने शहर में चार स्थानों पर सब्जी मंडियों के लिए उपयुक्त जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि बाजारों को व्यवस्थित किया जा सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से शहर में म्यूजियम के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शहर में जहां भी सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है, वहां संबंधित विभाग और नगर निगम निर्माण के समय ही यूटिलिटी पाइप और आवश्यक डक्ट डालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इससे भविष्य में पेयजल, सीवर और अन्य उपयोगिताओं से संबंधित कार्यों के लिए बार-बार सडक़ों की खुदाई नहीं करनी पड़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर