गुरुग्राम के दो क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारियों को सीएम ने निलंबित करने के दिए आदेश
-बोले, नागरिकों की शिकायतों के समाधान की गलत जानकारी स्वीकार नहीं
-दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा लाने वाले वाहनों को इंपाउंड करने की भी बात कही
-मुख्यमंत्री ने की गुरुग्राम के विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
गुरुग्राम, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में नागरिकों द्वारा विभिन्न माध्यमों से दर्ज कराई गई शिकायतों पर लिए गए फीडबैक के आधार पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए बड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री ने एक शिकायत के मामले में बिल्डर द्वारा सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) का उचित संचालन नहीं किए जाने पर गुरुग्राम के दोनों क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गलत रिपोर्टिंग को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गुरुग्राम जिले में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह समेत विधायक व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा लेकर आने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ऐसे वाहनों की पहचान कर उन्हें इंपाउंड करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में बाहर से कूड़ा लाकर डालने की किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण शहर के रूप में विकसित करने के लिए मौजूदा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आने वाले वर्षों की जरूरतों का भी समुचित आकलन किया जाए। मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम शहर में कूड़ा उठान व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए विशेष अभियान चलाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कूड़े का नियमित एवं व्यवस्थित उठान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। इसके लिए अधिकारियों को प्रो-एक्टिव मोड में काम करते हुए समस्याओं के सामने आने का इंतजार करने के बजाय पहले से आवश्यक कदम उठाने होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की जाए और प्रतिदिन के कार्यों का एजेंडा तय कर उसकी नियमित समीक्षा करते हुए अभियान को गति दी जाए।
बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एजेंसी को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें तय समय में पूरा करवाने तथा कार्य की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए कार्य की गति बनाए रखी जाए और लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिटी बस सेवा के रूट इस प्रकार निर्धारित किए जाएं कि शहर के प्रमुख क्षेत्रों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों तक भी लोगों को सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

