home page

गुरुग्राम: चुनाव आयोग के जवाब के बाद कांग्रेस व इंडी गठबंधन हुआ बेनकाब: नायब सिंह सैनी

 | 
गुरुग्राम: चुनाव आयोग के जवाब के बाद कांग्रेस व इंडी गठबंधन हुआ बेनकाब: नायब सिंह सैनी


-बोले, संवैधानिक संस्थाओं को नीचा दिखाना, मोदी जी को गाली देना ही विपक्ष का मिशन

-देश की चुनाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करके संवैधानिक संस्था को कमजोर करने का प्रयास

-चुनाव आयोग ने संयुक्त बयान में पूरी स्थिति को कर दिया है स्पष्ट

-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में पत्रकार वार्ता में कही यह बातें

गुरुग्राम, 27 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष द्वारा संवैधानिक संस्थाओं को टारगेट बनाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। विपक्षी दलों द्वारा ऐसा माहौल खड़ा करने की कोशिश की जा रही है, मानो देश की चुनाव व्यवस्था में कोई गंभीर अनियमितता हो रही हो। चुनाव आयोग ने सर्वसम्मति से अपने संयुक्त बयान में स्थिति को पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है। चुनाव आयोग के जवाब के बाद कांग्रेस व इंडी गठबंधन देश के सामने बेनकाब हो गया है। मुख्यमंत्री रविवार को यहां पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 25 करोड़ लोगों को गरीब रेखा से बाहर निकाला है। ब्रिक्स जैसी बैठकों की अध्यक्षता भारत करता है, यह हमारे लिए गौरव की बात है। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी तो कुछ भी बोल देते हैं। विपक्ष की गरिमा को कांग्रेस ने कम कर दिया है। विपक्ष में भारतीय जनता पार्टी भी रही। मुद्दों को ढंग से उठाया जाता था। उन्होंने कहा कि विपक्षी स्वयं कीचड़ में धंसे पड़े हैं और दूसरों को भी धांसने का काम कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि जिस सडक़ पर विपक्ष के लोग सवा सौ की स्पीड में चलते हैं, वहीं से पत्रकारों को फोन करके कहते हैं सरकार कोई काम नहीं कर रही। मोदी जी ने वंदे भारत ट्रेन चला दी। इनसे फोन करके पूछो तो ट्रेन में बैठे-बैठे भी कहेंगें कि सरकार काम नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि दिल्ली से एक झूठ फैलाया जाता है और ये आंधी की तरह उसे फैलाने में लग जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तो विपक्षी कुछ चमक भी रहे हैं, 2029 में कुछ नहीं दिखेगा।

पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर जड़ से खत्म होगा नशा

पंजाब को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस ने और फिर आम आदमी पार्टी ने पंजाब को नशे की दलदल में धकेला। वहां के युवाओं को वे नशे से बाहर नहीं निकालना चाहते। नशे का खामियाजा पंजाब की महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। दोनों पार्टियों ने पंजाब को बहुत पीछे धकेला। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर पंजाब से नशे को जड़ से खत्म किया जाएगा। उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योगी जी ने गुंडागर्दी खत्म कर दी है तो कैसे लोग समाजवादी पार्टी को वोट दें। लोग वह दिन नहीं भूले हैं जब दिन के दो बजे भी बाहर नहीं निकल सकते थे। योगी जी ने सुरक्षित माहौल दिए है।

बरसात में जलभराव के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार

गुरुग्राम में बरसात से जलभराव को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन हो रहा है। बारिश अधिक हो रही है। ऐसे में व्यवस्था बिगड़ जाती है। उन्होंनें चंडीगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बार चंडीगढ़ में भी अधिक बरसात हुई। जलभराव हुआ। नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में जलभराव के लिए कांग्रेस की सरकार को भी दोषी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में गुरुग्राम के डेवेलपमेंट प्लान में खामियां थीं। अब वे लोग सवाल कर रहे हैं। बापू-बेटा और बाकी लोग वर्तमान सरकार पर आरोप लगा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर