home page

गुरुग्राम में सीजेआई सूर्यकांत करेंगें टावर ऑफ जस्टिस का उद्घाटन

 | 
गुरुग्राम में सीजेआई सूर्यकांत करेंगें टावर ऑफ जस्टिस का उद्घाटन


-पुरानी कोर्ट बिल्डिंग के सामने बनाया गया है आलीशान टावर ऑफ जस्टिस

गुरुग्राम, 02 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम के नए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर टावर ऑफ जस्टिस में जल्द ही न्यायिक कार्य शुरू होंगे। भारत के मुख्य न्यायधीश जस्टिस सूर्यकांत शर्मा आगामी 12 जुलाई को इस भव्य न्यायिक परिसर का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा भी उद्घाटन समारोह में भागीदारी करेंगे।

जिला एवं सत्र न्यायधीश नरेंद्र सुरा ने टॉवर ऑफ जस्टिस के प्रस्तावित लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस व सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीसी उत्तम सिंह ने प्रस्तावित समारोह को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों के बारे में गुरुवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत के मुख्य न्यायधीश के प्रोटोकॉल से संबंधित नियमों का आयोजन में पालना सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर इस आयोजन को लेकर विभागवार जिम्मेवारी तय की जाएंगी।

जिला एवं सत्र न्यायधीश नरेंद्र सुरा ने बताया कि इस कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से अनेक जज, स्थानीय न्यायिक अधिकारी व जिला बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता भी शामिल होंगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, उद्घाटन से जुड़े विभिन्न कार्यों व अन्य औपचारिकताओं का नियमानुसार पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह गरिमामयी ढंग से आयोजित होगा। इसके लिए सभी तैयारियां एक दिन पहले पूरी कर ली जाए। डीसीपी मुख्यालय डा. अंशु सिंगला ने पुलिस से जुड़ी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, डीसीपी वेस्ट कर्ण गोयल, डीसीपी ईस्ट संदीप मालिक, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश गगनजीत कौर, सुनीता ग्रोवर, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र शर्मा, एसीपी कपिल अहलावत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर