अपडेट--गुरुग्राम में मारपीट का वीडियाे वायरल हाेने पर पांच लोग हिरासत में
शांति भंग की आशंका पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई
गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। यहां सेक्टर-71 में मारपीट के वायरल वीडियो मामले में बादशाहपुर थाना पुलिस ने शांति भंग की आशंका को देखते हुए 5 लोगों के खिलाफ निवारक कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस को 23 जून को एनडाउर हाइट्स सोसायटी निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर मारपीट करने की शिकायत दी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की। इस दौरान शिकायतकर्ता ने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया।
जांच में सामने आया कि जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उन्होंने उसी सोसाइटी में एक फ्लैट लिया था और सामान शिफ्ट करने आए थे। इसी दौरान शिकायतकर्ता की गाड़ी से रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिससे विवाद हुआ और मारपीट हो गई। पुलिस को जांच में कानून व्यवस्था भंग होने की आशंका मिली, जिसके बाद पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत निवारक कार्रवाई की गई। आरोपियों की पहचान आकाश निवासी चंदौली उत्तरप्रदेश, दीपक निवासी कांगड़ा हिमाचल प्रदेश, निखिल जायसवाल निवासी सूरजपुर छत्तीसगढ़, अभिषेक द्विवेदी निवासी देवरिया यूपी और वरुण चौधरी निवासी मेरठ यूपी के रूप में हुई है। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

