home page

सीआईआई गुरुग्राम जोनल काउंसिल की बैठक में औद्योगिक विकास पर चर्चा

 | 
सीआईआई गुरुग्राम जोनल काउंसिल की बैठक में औद्योगिक विकास पर चर्चा


-सीआईआई गुरुग्राम जोनल काउंसिल ने 2026-27 का एजेंडा तय किया

गुरुग्राम, 18 अप्रैल (हि.स.)। यहां उद्योग विहार में स्थित सीआईआई कार्यालय में शनिवार को कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की गुरुग्राम जोनल काउंसिल की वर्ष 2026-27 की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए फ्यूचर-रेडी ग्रोथ पर केंद्रित एजेंडा तय किया गया। साथ ही उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और गुरुग्राम को एक अग्रणी औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने के लिए विस्तृत रोडमैप पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता सीआईआई गुरुग्राम जोन के चेयरमैन एवं मीनाक्षी पॉलिमर्स के सीईओ कुनाल सोनी ने की। वाइस चेयरमैन एवं एनटीएफ इंडिया के डायरेक्टर नमन जैन भी मौजूद रहे।

सीआईआई हरियाणा कॉन्सिल से वरिष्ट सदस्य व कैपेरो मारुति के सीईओ विनोद बापना और पूर्व चेयरमैन डॉ. अनादी एन सिन्हा (डायरेक्टर ग्रुप कॉर्पोरेट अफेयर्स यूनो मिंडा लिमिटेड), अनुज नागपाल (मैनेजिंग डायरेक्टर अल्फा कोटेक) सोना कोमस्टार से अमीन राव, सीआईआई गुरुग्राम जोन के हेड रत्नाकर पांडे व डेनसो के ईएमओ संजय भार्गव ने प्रतिनिधित्व किया। बैठक का मुख्य विषय फ्यूचर-रेडी गुरुग्राम-विकसित गुरुग्राम 2047 का विजन रहा, जिसमें पॉलिसी एडवोकेसी, एमएसएमई, प्रतिस्पर्धात्मकता, स्टार्टअप इकोसिस्टम, सस्टेनेबिलिटी और सदस्यता विस्तार जैसे अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। सीआईआई ने हरियाणा सरकार के साथ अपने हालिया संवादों की जानकारी भी सांझा की। इसमें औद्योगिक इकाइयों के लिए एलपीजी और ईंधन आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। बैठक के दौरान गुरुग्राम में नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। साथ ही उद्योग और स्टार्टअप के बीच सहयोग बढ़ाकर नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी चर्चा की गई।

सोना कॉमस्टार की तरफ से प्रतिनिधित्व कर रहें अमीन राव ने सुझाव रखा कि हीरो होंडा चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक एचएसआईआईडीसी द्वारा जो 50 मीटर रोड व ग्रीन बेल्ट बनाई जानी है, उसमें तेजी लायी जाये। बैठक के अंत में काउंसिल ने टीम-आधारित दृष्टिकोण के साथ फोकस्ड और परिणाम-उन्मुख पहलों को लागू करने का संकल्प लिया, ताकि गुरुग्राम को एक सशक्त औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर