home page

गुरुग्राम: कंपनी के केमिकल टैंक में गिरने से तीन कर्मचारियों की मौत

 | 

जहरीली गैस और रसायन की चपेट में आए

गुरुग्राम, 11 नवंबर (हि.स.)। भौंडसी थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित संधार कंपनी में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। केमिकल टैंक में गिरने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर भौंडसी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 21 वर्षीय आरीफ, नवादा निवासी 20 वर्षीय अनिल झा व बादशाहपुर की आरआर कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय नरेश कुमार यहां जेल रोड स्थित संधार कंपनी में काम करते थे। बुधवार दोपहर तीनों कर्मचारी कंपनी परिसर में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक अनियंत्रित होकर केमिकल टैंक में गिर गए। टैंक में मौजूद जहरीले रसायन और गैस की चपेट में आने से तीनों बेहोश हो गए। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में तीनों को टैंक से बाहर निकालकर बादशाहपुर स्थित एकता अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पार्क अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

सुरक्षा इंतजामों की भी होगी जांच

हादसे की सूचना मिलने पर भौंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि कंपनी में केमिकल टैंक के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और कर्मचारी किन परिस्थितियों में टैंक में गिरे। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर