गुरुग्राम: बरसात के पानी में कार्स 24 ने चलाई नाव, पुलिस ने काटा 50 हजार का चालान
-गुरुग्राम में जलभराव पर तंज कसने के लिए सडक़ पर उतारी थी ब्रांडेड नाव
गुरुग्राम, 11 अगस्त (हि.स.)। शहर में बरसाती पानी में कार्स 24 को जलभराव पर तंज कसने के लिए नाव चलाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने इस पर 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि यातायात पुलिस की ओर से नाव को भी जब्त कर लिया गया है।
ऑनलाइन कारों खरीदने, बेचने का काम करने वाली कंपनी कार्स 24 की ओर से शहर की सडक़ों पर पानी भरने में अपनी ब्रांडेड नीली नाव उतार दी। ऐसा करने के पीछे की मंशा जाहिर करते हुए कंपनी की ब्रांड और कम्युनिकेशंस हेड प्राची शर्मा की लिंक्डइन पोस्ट की। प्राची ने बताया कि शनिवार को कंपनी ने गुरुग्राम की सडक़ों पर जलभराव और प्रशासन की कथित विफलता पर मजाक करने के लिए कार्स 24 ब्रांड वाली नाव पानी में उतारी थी। नाव की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि जलभराव के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का भी चालान काटा जाना चाहिए। प्राची के अनुसार नाव पानी में उतारने के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया और नाव का 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। प्राची शर्मा ने अपनी पोस्ट में भी लिखा कि-पिछले हफ्ते गुडग़ांव में कानून तोडऩे की हमें यही कीमत चुकानी पड़ी। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश में मजाक के तौर पर नाव उतारी थी। चालान कुछ ही सेकंड में आ गया।
प्राची ने आगे कहा कि बाढ़ तो सालों से आ रही है, लेकिन इसकी कीमत कभी किसी को नहीं चुकानी पड़ी। उन्होंने यह भी बताया कि बाद में हालात इतने खराब हो गए कि लोग घर पहुंचने के लिए उसी नाव में बैठने लगे। क्योंकि पानी पार करने का यही सबसे तेज तरीका बन गया था। इस मामले में एसीपी यातायात सत्यपाल ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला नहीं आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

