गुरुग्राम में गैंगवार, कार से जा रहे युवक की 15 गोलियां मारकर हत्या
-गैंगस्टर की पत्नी का मर्डर कर चुका था दीपक
गुरुग्राम, 09 नवंबर (हि.स.)। जिला के सिधरावली गांव में सोमवार की सुबह बदमाशों ने सिधरावली गांव के ही दीपक उर्फ दीपू (35) की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर गांव के बस अड्डे के पास उसकी स्विफ्ट कार को दूसरी गाड़ी से ओवरटेक कर रोका और ड्राइविंग सीट पर बैठे दीपक पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि दीपक को करीब 15 गोलियां लगी हैं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने कार में उसका लहूलुहान शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। दीपक अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था और उस पर गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी आरोप था। पुलिस मामले की जांच गैंगवार के एंगल से भी कर रही है। सोमवार सुबह सिधरावली गांव के बस अड्डे के पास फुट ओवरब्रिज के निकट मारुति स्विफ्ट कार खड़ी मिली। दीपक कार की ड्राइविंग सीट पर मृत पड़ा था।
बिलासपुर थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि दीपक रात करीब 12 बजे घर से निकला था। आशंका है कि किसी ने उसे फोन करके बुलाया होगा। गांव से निकलकर जैसे ही वह एनएच-48 की सर्विस लेन पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दीपक पर 15 से 20 राउंड फायरिंग की। इनमें से 10 से 15 गोलियां उसे लगने की आशंका है। उसे कितनी गोलियां लगीं, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी।
दीपक का नाम दिल्ली-एनसीआर के अपराध जगत में लंबे समय से जुड़ा हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था। करीब छह साल पहले अशोक राठी की हत्या के बाद भी दीपक इस गैंग में सक्रिय रहा। बताया जा रहा है कि दीपक पर पहले भी दो से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। दीपक पर गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी आरोप था। दो सितंबर 2016 को गुरुग्राम के अलीपुर गांव में सुषमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय हत्या के पीछे अशोक राठी का हाथ होने का शक भी जाहिर किया गया था। इस मामले में दीपक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि अशोक राठी को अपनी पत्नी सुषमा के चरित्र पर शक था। उसने सुषमा की हत्या कराने के लिए सुपारी दी थी। इसके लिए दीपक और ललित कटारिया को तैयार किया गया था। योजना के तहत सुषमा की उस समय हत्या की गई, जब वह सुबह अपनी बेटी को स्कूटी पर स्कूल बस में छोडऩे के लिए सोहना रोड पर पहुंची थी। वारदात में इस्तेमाल सेंट्रो कार फरीदाबाद से चोरी की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने कार को पलवल के धतीर गांव के नजदीक जला दिया था।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

